कोरिया

गैस सिलेंडर में विस्फोट, छत उड़ी, सामान जल गए, मदद की गुहार
23-Aug-2022 6:51 PM
गैस सिलेंडर में विस्फोट,  छत उड़ी, सामान जल गए, मदद की गुहार

बैकुंठपुर (कोरिया), 23 अगस्त। कोरिया जिले के जनपद पंचायत बैकुण्ठपुर अंतर्गत ग्राम केनापारा में एक ग्रामीण महिला के घर का गैस सिलेंडर में विस्फोट के बाद मिट्टी का घर तहस-नहस हो गया और पूरा सामान बिखर गया। घटना की जानकारी अधिकारियों केा दिये जाने के बाद मौके पर पहुंचे और नुकसान को देखा।

घटना के संबंध में प्राप्त जानकारी के अनुसार जनपद पंचायत बैकुण्ठपुर अंतर्गत ग्राम केनापारा निवासी पति खोई जानकी पैकरा को उज्जवला योजना के तहत नि:शुल्क गैस सिलेंडर मिला हुआ है। घटना दिवस 22 अगस्त को जानकी पैकरा सुबह गैस सिलेंडर से चाय बनाकर पी, इसके बाद वह खेतों की ओर चली गयी। अपरान्ह में उसके कच्चे झोपड़ीनुमा घर में अचानक विस्फोट की आवाज आयी, तब आस पास के लोगों ने घर के बाहर निकल कर देखा तो जानकी पैकरा के घर से धुआं निकल रहा था। पास जाकर देखा तो पता चला कि गैस सिलेंडर में विस्फोट हो गया है जिसके कारण उसके घर के सारा सामान जल गया और सीट की छत उड़ गयी। इस तरह जानकी का पूरा घर नष्ट हो गया और इस बरसात में व खुले आसमान में आ गयी। घटना की जानकारी सरपंच सहित अधिकारियों को दी गयी, जिसके बाद नुकसान का आंकलन किया गया।

पीडिता जानकी ने प्रशासन से मदद की गुहार लगायी है, वहीं सरपंच द्वारा सहयोग प्रदान किया जा रहा है। जानकारी के अनुसार जानकी पैकरा द्वारा मिले नि:शुल्क गैस सिलेंडर का बहुत ही कम उपयोग करती थी, ज्यादातर दिनों में लकड़ी से ही खाना पकाती थी। घटना दिवस भी उसने गैस सिलेंडर से सिर्फ चाय बनाकर पी और अपरान्ह के समय घटना घट गई।


अन्य पोस्ट