कोरिया

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
मनेन्द्रगढ़, 17 जून। नगर पालिका परिषद् मनेन्द्रगढ़ वार्ड क्र. 11 के पार्षद सरजू यादव को नगर पालिका में नेता प्रतिपक्ष नियुक्त किया गया है। उनकी नियुक्ति से समर्थकों और भाजपा पार्षदों में हर्ष व्याप्त है।
आखिरकार करीब ढाई साल बाद नगर पालिका मनेंद्रगढ़ में नेता प्रतिपक्ष की नियुक्ति कर दी गई है। भाजपा कोरिया जिलाध्यक्ष कृष्णबिहारी जायसवाल के द्वारा 15 जून को अपने लेटर पेड में पार्षद सरजू यादव को नपा मनेंद्रगढ़ का नेता प्रतिपक्ष नियुक्त करते हुए मुख्य नगर पालिका अधिकारी को नियुक्ति पत्र प्रेषित किया गया है। भाजपा जिलाध्यक्ष के द्वारा पार्षद सरजू यादव को पार्षद दल के नेता नियुक्त किए जाने के साथ ही नियुक्ति की प्रतिलिपि भाजपा के प्रदेशाध्यक्ष विष्णु देव साय, प्रदेश संगठन महामंत्री को भी प्रेषित की गई है। ज्ञात हो कि सरजू यादव नपा मनेंद्रगढ़ में दूसरी बार पार्षद चुनकर आए हैं जबकि 2 मर्तबा उनकी धर्मपत्नी प्रतिमा यादव पार्षद रह चुकी हैं।
पार्षद सरजू यादव की नियुक्ति पर पूर्व विधायक श्यामबिहारी जायसवाल एवं मंडल अध्यक्ष धर्मेंद्र पटवा ने हर्ष व्यक्त करते हुए कहा कि शहर की समस्याओं को लेकर भाजपा पूरी तरह से अपनी भूमिका निभा रही है और अब नगर पालिका में बिजली, पानी, सडक़, सफाई को लेकर भाजपा द्वारा नियुक्त प्रतिपक्ष नेता सरजू यादव अपनी भूमिका पूरी ईमानदारी और दृढ़ इच्छाशक्ति से निभाएंगे।