कोरिया

मनेन्द्रगढ़, 29 अप्रैल। सविप्रा उपाध्यक्ष व भरतपुर-सोनहत विधायक गुलाब कमरो की पहल पर राज्य शासन द्वारा मुख्य मार्ग से मौहारीपारा (चरवाही) तक पहुंच मार्ग हेतु 49 लाख 87 हजार रूपए की राशि मंजूर की गई है। विकास कार्यों के लिए निरंतर राशि स्वीकृत किए जाने पर विधायक ने मुख्यमंत्री, विधानसभा अध्यक्ष और लोनिवि मंत्री के प्रति आभार व्यक्त किया है।
ज्ञात हो कि 11 फरवरी को साल्ही सरपंच अमर सिंह के पुत्र के वैवाहिक कार्यक्रम में विधायक कमरो के शामिल होने के दौरान ग्रामीणों ने उनसे मिलकर बहुप्रतीक्षित उक्त सडक़ निर्माण की मांग की थी, जिसे सहर्ष स्वीकार करते हुए उन्होंने जल्द सडक़ बनाए जाने का भरोसा दिलाया था। शासन द्वारा स्वीकृत राशि से मुख्य मार्ग से मौहारीपारा (चरवाही) तक 1 हजार 50 मीटर लंबी सडक़ का निर्माण कराया जाएगा।
विधायक गुलाब कमरो ने कहा कि सडक़ का निर्माण होने से लोगों को जहां आवागमन में सहूलियत होगी, वहीं पक्की सडक़ बनने से शिक्षा और स्वास्थ्य जैसी बुनियादी सुविधाएं भी तेजी से विकसित होंगी। विधायक ने कहा कि विकास कार्यों के लिए प्रदेश सरकार के पास पैसों की कोई कमी नहीं है। गाँव से लेकर शहर तक विकास की नदियां बह रही हैं।
उन्होंने कहा कि प्रदेश में पूर्ववर्ती भाजपा सरकार के राज में विकास कार्यों के लिए चक्कर काटने पड़ते थे, लेकिन अब ऐसा नहीं है। क्षेत्रवासियों की मांग पर सरकार द्वारा शीघ्र गौर कर उसे अमलीजामा पहनाया जा रहा है। जरूरतमंदों को हर बुनियादी सुविधाएं प्रमुखता से मुहैया कराई जा रही हैं। इससे प्रदेश के संवेदनशील और ऊर्जावान मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के प्रति जनता का विश्वास और गहराया है। क्षेत्रवासियों ने विधायक गुलाब कमरो के प्रति आभार व्यक्त किया है।