कोरिया

बंद सिटी बसें फिर से शुरू
24-Feb-2022 5:16 PM
बंद सिटी बसें फिर से शुरू

चिरमिरी, 24 फरवरी। नगर पालिक निगम चिरमिरी के नागरिकों को परिवहन सुविधा मुहैया कराने के लिए कोरोना काल से बंद पड़ी सिटी बस सर्विस का संचालन मंगलवार से शुरू हो गया है।  महापौर कंचन जायसवाल ने निगम की सभापति गायत्री बिरहा, एमआईसी, पार्षद, एल्डरमैन साथियों के साथ टिकट कटवाकर कर पूरे शहर का भ्रमण किया।

ज्ञात हो कि कोविड काल से शहर की सिटी बसों का संचालन बंद कर दिया गया था, जिससे शहरवासियों को परेशानियों का सामना करना पड़़ रहा था, जिसको गंभीरता से लेते हुए एक सप्ताह पूर्व मनेंद्रगढ़ विधायक डॉ. विनय जायसवाल ने बस सर्विस शुरू करने विशेष पहल करते हुए निगम अधिकारियों के साथ बस की सेवा दे रहे उनके कंटेक्टरों से बैठक कर बस सेवा को पुन: परिचालन शुरू करने का निर्देश दिया था।

महापौर कंचन जायसवाल बताया कि शहर की सिटी बसे पूर्व समय की तरह ही प्रात: सुबह 7 बजे से पोड़ी कालरी से होते हुए शहर के कोरिया, गेल्हापानी, डोमनहिल, गोदरिपारा, बड़ा बाजार, हल्दीबाड़ी, पोड़ी होते हुए चिरमिरी से मनेंद्रगढ़ शहर की ओर संचालित होगी। जिसके पुन: वापसी का समय 11.15 चिरमिरी के लिए होगा, वहीं यह बस पुन: 1.20 बजे चिरमिरी शहर से मनेंद्रगढ़ के लिए रवाना होगी।

जिसका चिरमिरी वापसी का समय संध्या 5.15 बजे निर्धारित किया गया है।
दूसरी बस सुबह 8 बजे पोड़ी डिपो से हल्दीबाड़ी, बड़ी बाजार, गोदरीपारा, डोमनहिल होते हुए चिरमिरी शहर से जिला मुख्यालय बैकुंठपुर जाएगी, जो पुन: चिरमिरी के लिए सुबह 10.30 बैकुंठपुर से रवाना होगी।  बस चिरमिरी शहर से बैकुंठपुर के लिए चिरमिरी से 2.20 बजे जाएगी, जो बैकुंठपुर से चिरमिरी वापसी के लिए 5.20 बजे पीपल चौक से चिरमिरी के लिए रवाना होने का निर्धारित समय किया गया है।

महापौर कंचन जायसवाल ने आगे जानकारी देते हुए बताया कि सिटी बस सेवा के शुरु होने के बाद शहरवासियों को बेहतर और सस्ते परिवहन की सुविधा मिलेगी, सीटी बस के जरिये हम शहरवासियों को बेहतर परिवहन की सुविधा मुहैया करा पाएंगे।


अन्य पोस्ट