कोरिया

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
मनेन्द्रगढ़, 4 जनवरी। ग्राम बंजी के जोगी डोंगरी मंदिर प्रांगण में आजादी की 75वीं वर्षगांठ पर शासन द्वारा चलाए जा रहे अमृत महोत्सव एवं नव वर्ष 2022 के पावन अवसर पर मानस गान, पारंपरिक गीत-संगीत तथा नशा उन्मूलन के तहत निजात अभियान का कार्यक्रम जागो सेवा संस्थान एवं ग्राम पंचायत बंजी के संयुक्त तत्वावधान में किया गया।
जागो सेवा संस्थान के अध्यक्ष परमेश्वर सिंह, पुष्कर तिवारी कृषि विकास अधिकारी, प्रद्युमन तिवारी थाना प्रभारी झगराखंड, सुमित्रा देवी सरपंच ग्राम पंचायत बंजी, नन्हई सिंह मंडी अध्यक्ष बंजी, मोहनदास महासचिव जिला लोक कलाकार कल्याण संघ कोरिया की उपस्थिति में सर्वप्रथम श्री रामचरित मानस गान कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। इस दौरान उपस्थित अतिथि एवं ग्रामीणों ने केक काटकर अमृत महोत्सव व नव वर्ष का स्वागत कियाा जागो सेवा संस्थान के अध्यक्ष परमेश्वर सिंह ने कहा कि सामाजिक समरसता को बनाए रखते हुए समाज में उच्च विचारधारा के साथ प्रेमपूर्वक व सौहार्दपूर्ण जीवन जीना चाहिए। उन्होंने कहा कि भारत देश एक कर्म भूमि का देश रहा है। यहां कर्म की प्रधानता को महत्व दिया जाता है। थाना प्रभारी प्रद्युमन तिवारी ने कहा कि ग्राम बंजी के लोगों में समाज सेवा, शिक्षा तथा देश सेवा, धर्म व आस्था के लिए समर्पित भावना को देखकर जहां खुशी होती है वहीं एक छोटे से गांव के बच्चों के आईटी, आईआईटी तथा एनआईटी जैसी बड़ी परीक्षाएं पास कर देश में अपना महत्वपूर्ण स्थान लाने पर गर्व भी महसूस होता है।
उन्होंने कहा कि नशा उन्मूलन के लिए जिले में संचालित निजात अभियान का बेहतर परिणाम समाज में दिखाई देने लगा है। कृषि विस्तार अधिकारी पुष्कर तिवारी ने सत्संग के प्रभाव को प्राथमिकता देते हुए कहा कि सत्संग और संस्कार का कमाल है कि यहां की जनजाति समुदाय अपनी धर्म संस्कृति व आस्था पर अडिग है। ग्राम बंजी की महिला पुलिस वालंटियर सुखनी कुर्रे के कुशल मार्गदर्शन में 6 लोग आजीवन नशा त्याग कर समाज के मुख्यधारा में शामिल हुए हैं, जो अब अपने परिवार सहित खुशहाल जीवन जी रहे हैं। कार्यक्रम में गांव के बुजुर्ग शालिकराम यादव ने विलुप्तप्राय विधा बिरहा एवं चोंहड़ी के अच्छा जानकार ने गाकर अपनी सुंदर प्रस्तुति दी। वहीं बुजुर्ग बुधनी बाई ने विशेष पारंपरिक लोकगीत ददरिया, ग्राम के पुराने तबला वादक अर्जुन सिंह और मादर वादक धन सिंह ने अपनी विशेष कला का प्रदर्शन किया।
श्री रामचरितमानस गायन में पाराडोल से आए मानस के श्रद्धालु गंगा जमुना मानस मंडली के मुखिया रामशरण, दिल प्रताप, शिक्षक नंद कुमार तथा उनकी पूरी मंडली द्वारा मानस गान किया गया। कार्यक्रम का संचालन नभाग सिंह शिक्षक एवं कन्हैया लाल अध्यक्ष लोक कलाकार कल्याण संघ मनेंद्रगढ़ एवं आभार प्रदर्शन नन्हई सिंह मंडी अध्यक्ष बंजी के द्वारा किया गया। कार्यक्रम को सफल बनाने में पूर्व सरपंच बंजी सुखदेव सिंह, शिक्षक मेवालाल, ईश्वर सिंह, सत्यनारायण सिंह, दिनेश सिंह, चंद्रशेखर, राय सिंह, परमेश्वर सिंह, राखी, अमीर सिंह, सुमितत्रा, गायत्री, मानमती, कुंती देवी, सावित्री, किरण, बलवीर सिंह, मान सिंह, बीरबल सिंह, बालकुमार, सीताराम, देवकुंवर, दुर्गा देवी, सुनैना, गंगा पाल एवं ग्रामीणों की भूमिका सराहनीय रही।