कोरिया

आभार प्रदर्शन में भाजपाईयों ने दिखाई ताकत, रियाज पहुंचे भाजपा के मंच पर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बैकुंठपुर (कोरिया), 3 जनवरी। अप्रत्याशित जीत के बाद भाजपा ने घड़ी चौक पर आभार प्रदर्शन करने मंच लगाया, जिसमें भाजपा के जिले भर के दिग्गज नेताओं के साथ पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने हिस्सा लिया। सभी नेताओं ने जनता का आभार व्यक्त करते हुए बैकुंठपुर शहर के विकास के पथ पर आगे ले जाने की बात कही।
नव निर्वाचित अध्यक्ष नविता शिवहरे पहली बार मंच के मुखातिब हुई तो उन्होंने सबसे पहले सभी नगरवासियों को नए वर्ष की शुभकामनाएं दी और कहा कि मेरे पति चुनाव हार चुके थे, मैं निराश हो चुकी थी, लेकिन मुझे हर किसी का साथ मिला और मंै अध्यक्ष निर्वाचित हुई।
उन्होंने कहा कि मेरे छोटे भाई छोटे खान (आफताब अहमद) ने मेरा साथ दिया, मंै उनका सदैव धन्यवाद करती रहूंगीं। आगे कहा कि मंै कोई वादा नहीं करने आई हूं, पर अच्छे इरादे के साथ काम करूंगी ये आप सभी को विश्वास दिलाती हूं।
वहीं पूर्व नपा अध्यक्ष शैलेष शिवहरे ने कहा कि जो कल हुआ, वो चमत्कार से कम नहीं था, मैंने कभी सपने में नहीं सोचा था कि ऐसा होगा। मतदान के पूर्व मंैने जिला अध्यक्ष जी को कहा था कि हम 2 जनवरी को आभार प्रदर्शन करने के लिए मंच लगाएंगे, परन्तु चमत्कार देखिए, यह जनता की जीत है, मेरे कार्यकाल में कई आयोजन हुआ करते थे, अब वो फिर शुरू होंगे।
उन्होंने क्षमा मांगते हुए कहा कि इस बहुरूपिया के शहर में बहुरूपिया प्रतियोगिता का आयोजन नहीं होगा, उन्होंने कहा कि मैं आपका छोटा भाई हूं, यदि इस दौरान कोई गलती करूं तो मुझे माफ कर देना।
इस अवसर पर चुनाव प्रभारी भीमसेन अग्रवाल, जिला अध्यक्ष कृष्ण बिहारी जायसवाल, जमुना पांडेय, देवेन्द्र तिवारी, लक्ष्मण राजवाड़े, पंकज गुप्ता, सुभाष साहू, राहुल सिंह, राजेश सिंह, अरशद खान, व्यापार संघ के अध्यक्ष संजय गुप्ता, महेंद्र वैद्य, अनुराग दुबे, रजनीश सिंह रमन गुप्ता, अरविंद सिंह डब्ल्यु के साथ काफी में संख्या महिलाएं व भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
भाजपा के मंच पर रियाज
कांग्रेस के कद्दावर नेता रियाज अहमद भाजपा के आभार प्रदर्शन में पूर्व मंत्री के बगल में सबसे आगे की पंक्ति में नजर आए। उन्होंने भाजपा के मंच से कांग्रेस को कहा कि जब-जब कांग्रेस को वोटों की जरूरत पड़ी, उनका भाई छोटे खान ने न सिर्फ कांग्रेस को भारी मतों से जीताया, बल्कि हमेशा कांग्रेस के लिए लड़ता रहा। भाजपा के खिलाफ लहर में जब हर वार्ड से हार मिली तो छोटे खान ने अपने वार्ड से कांग्रेस को जीता कर दिखाया।
उन्होंने कहा कि हम सभी भईयों में सबसे छोटा छोटे खान (आफताब अहमद) को हर कोई बेटा समझ कर इस बार में काफी वोटो से जिताया, ताकि इस बार उसे कांग्रेस अपना अध्यक्ष बनाएगी, परन्तु कांग्रेस ने उसके साथ गलत किया। उन्होंने कहा कि वो कांग्रेस के खिलाफ नहीं बोल रहे, कांग्रेस की सच्चाई बता रहे हंै।
उनके भाजपा के मंच पर आने से एक बार फिर भाजपा में उनके जाने की अटकलें तेज हो गई है, निश्चित तौर पर यदि भाजपा फिर उनका साथ लेती है तो भाजपा को काफी लाभ होने से कोई नहीं रोक सकता।
पूर्व मंत्री की जुबान फिसली...
भाजना की आभार सभा को संबोधित करते हुए पूर्व मंत्री भईयालाल राजवाड़े ने कांग्रेस के नेताओं के खिलाफ अमर्यादित शब्दों का उपयोग करते हुए कहा कि आपका भाग्य बहुत तेज है कितने लोगों को पटकनी देते देते उपर वाले ने आपका साथ दिया कि सब साले पटका गये, सब साले फेंका गए। कहां चले गये अता-पता नहीं चला। उन्होंने चरचा की नवनिर्वाचित नगर पालिका अध्यक्ष लालमुनि यादव का नाम लेते हुए कहा कि जो पांच साल में किये हो, आने वाले समय में अब आप लोग वो नहीं कर पाओंगे। यदि तुम्हारी पत्नी अध्यक्ष है तो चैम्बर में जाकर बैठोगे। निकालकर फेंक दूंगा, उखाड़ फेंक दूंगा मंै। जो अध्यक्ष है वहीं जाकर वहां बैठेगी, तुम नहीं बैठ सकते।
दरअसल, पूर्व मंत्री भइयालाल राजवाड़े का गढ़ कहा जाने वाले शिवपुर चरचा नपा में भाजपा को करारी हार का सामना करना पड़ा, नवनिर्चाचित अध्यक्ष लालमुनि यादव, भूपेन्द्र यादव की पत्नी है, भूपेन्द्र यादव कालरी कर्मी है।
छोटे खान का आभार या जनता का
भाजपा का आभार प्रदर्शन तो जनता के लिए किया गया था, परन्तु यह कांग्रेस के निष्कासित पार्षद छोटे खान के आभार की सभा बन कर रह गई। मंच पर आने वाला हर भाजपा नेता छोटे खान के नाम पर कसीदे पढ़ रहा था।
भाजपा जिला अध्यक्ष कृष्ण बिहारी जायसवाल ने कहा कि छोटे खान राष्ट्रवादी नेता है। उन्होंने कांग्रेस को छोड़ा है। वहीं भइयालाल राजवाड़े ने कहा कि छोटे खान जैसे लोगों की भाजपा में जरूरत है। कांग्रेस ने उन्हें यूज किया और फेंक दिया। 15 साल का पार्षद था, यदि अध्यक्ष का पद मांग लिया क्या गुनाह कर दिया?