कोरिया

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
मनेन्द्रगढ़, 29 दिसम्बर। ब्लाक कांग्रेस कमेटी शहर मनेंद्रगढ़ के अध्यक्ष राजेश शर्मा के नेतृत्व में मंगलवार को कांग्रेस का स्थापना दिवस ध्वज का वंदन कर व केक काटकर संकल्प दिवस के रूप में मनाया गया। इस अवसर पर ब्लाक कांग्रेस कमेटी शहर के अध्यक्ष राजेश शर्मा ने सभी को पार्टी की स्थापना दिवस की शुभाकामनाएं दी।
कांग्रेसजनों को संबोधित करते हुए ब्लाक अध्यक्ष ने कहा कि आज भले ही हम देश की सत्ता में नहीं हैं, मगर कांग्रेस का एक अपना इतिहास रहा है। यह पार्टी देश को आजाद कराने वाली और स्वतंत्रता आंदोलन की पार्टी रही है। उन्होंने कहा कि आज देश जिस संकट से गुजर रहा है, उसमें कांग्रेस के नीति-सिद्धांत को मानने वाले लोग यह कहते हैं कि कांग्रेस की ही सत्ता बेहतर थी। प्रधानमंत्री मन की बात में महंगाई और बेरोजगारी की बातें नहीं करते हैं। अब देश की जनता और हर वर्ग के लोग यह समझ रहे हैं कि परिर्वतन जरूरी है।
ब्लॉक कांग्रेस कमेटी शहर के वरिष्ठ उपाध्यक्ष बलबीर सिंह अरोड़ा ने कहा कि कांग्रेस का गौरवशाली इतिहास रहा है। आजादी दिलाने से लेकर देश को हर मामले में आत्मनिर्भर बनाने का काम कांग्रेस ने किया है। ब्लाक कांग्रेस कमेटी शहर के प्रवक्ता शुद्धूलाल वर्मा ने कहा कि आज देश में जो भी विकास हुआ है, वह कांग्रेस ने किया है। आज की भाजपा सरकार उन संस्थाओं को बेचकर देश को नुकसान पहुंचा रही है। कांग्रेस ने देश को एक सूत्र में पिरोने का काम किया है। आज इस व्यवस्था को ध्वस्त किया जा रहा है। कांग्रेस है तो लोकतंत्र सुरक्षित है।
महिला ब्लाक कांग्रेस कमेटी की अध्यक्ष शोभना वर्मा ने कहा कि 28 दिसम्बर 1885 को पार्टी की स्थापना हुई थी। कांग्रेस की विचारधारा सदैव भारत के आन, बान और शान की रक्षा को कायम रखने की रही है। इस अवसर पर पार्षद मो. हुसैन, एल्डरमैन गिरधर जायसवाल, रूमा चटर्जी, संतोष अग्रवाल, अशोक गुप्ता डब्बू, बबुआ, आसिफ अंसारी गप्पू, युसूफ इराकी, गफ्फार खान, अतिकुर रहमान सहित काफी संख्या में कांग्रेस जन उपस्थित रहे। इसके साथ ही ब्लाक कांग्रेस कमेटी शहर के अध्यक्ष राजेश शर्मा का भी जन्मदिन मंगलवार को होने के कारण कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने केक काटकर उनका भी जन्मदिन मनाया और उन्हें जन्मदिन की बधाई व शुभकामनाएं दी।