कोण्डागांव
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कोंडागांव, 26 नवंबर। शासकीय गुण्डाधुर स्नातकोत्तर महाविद्यालय, कोंडागांव में आज जनजातीय गौरव दिवस एवं संविधान दिवस के अवसर पर कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जनजातीय समाज के गौरवशाली इतिहास, स्वतंत्रता संग्राम में जनजातीय वीरों के योगदान, समृद्ध लोकसंस्कृति तथा भारतीय संविधान के मूल आदर्शों पर प्रकाश डाला गया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में लता उसेंडी विधायक कोंडागांव, मुख्य वक्ता के रूप में बलिराम नेताम प्रांतीय सह-संयोजक जनजाति सुरक्षा मंच छत्तीसगढ़ तथा विशिष्ट अतिथि के रूप में नरपति पटेल अध्यक्ष नगर पालिका कोंडागांव एवं विकास दुआ अध्यक्ष जनभागीदारी समिति शासकीय गुण्डाधुर स्नातकोत्तर महाविद्यालय कोंडागांव उपस्थित रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. सरला आत्राम ने की।
प्राचार्य डॉ. सरला अत्राम ने जनजातीय गौरव दिवस के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि जनजातीय समाज का इतिहास संघर्ष, स्वाभिमान, प्रकृति के प्रति संवेदनशीलता और अदम्य साहस की प्रेरणादायी गाथाओं से समृद्ध है। उन्होंने कहा कि शिक्षा के माध्यम से नई पीढ़ी को अपने क्षेत्र के इतिहास, परंपराओं, सांस्कृतिक विरासत और महापुरुषों के योगदान से परिचित कराना आवश्यक है।
मुख्य वक्ता श्री नेताम ने बताया कि जनजातीय समाज ने जल, जंगल और जमीन के अधिकारों तथा अपनी संस्कृति एवं स्वाभिमान की रक्षा के लिए विभिन्न कालखंडों में संघर्ष किया। उन्होंने हल्बा विद्रोह के वीर अजमेर सिंह, परलकोट विद्रोह के शहीद गेंद सिंह, सोनाखान के वीर नारायण सिंह तथा बस्तर के भूमकाल विद्रोह के महानायक वीर गुंडाधुर के योगदान को स्मरण किया।
उन्होंने कहा कि इन वीरों का संघर्ष केवल सत्ता के विरुद्ध नहीं था, बल्कि अपनी अस्मिता, परंपरा, स्वाधीनता और सामुदायिक अधिकारों की रक्षा का संघर्ष था।
मुख्य अतिथि लता उसेंडी ने भगवान बिरसा मुंडा, वीर नारायण सिंह, गुंडाधुर और छत्तीसगढ़ के अन्य जनजातीय वीरों के बलिदान का स्मरण करते हुए कहा कि इन महापुरुषों का जीवन आने वाली पीढिय़ों के लिए साहस, स्वाभिमान और राष्ट्रप्रेम की प्रेरणा है। उन्होंने विद्यार्थियों से अपनी मातृभाषा, लोककला, लोकनृत्य, परंपराओं एवं सांस्कृतिक विरासत को संरक्षित रखने के साथ आधुनिक शिक्षा के क्षेत्र में भी आगे बढऩे का आह्वान किया।
नरपति पटेल ने कहा कि किसी भी समाज की वास्तविक पहचान उसकी संस्कृति, इतिहास और पूर्वजों के संघर्षों से बनती है। नई पीढ़ी को अपने महापुरुषों के योगदान से प्रेरणा लेकर समाज और राष्ट्र के विकास में सकारात्मक भूमिका निभानी चाहिए।
संविधान दिवस पर उद्देशिका
का सामूहिक संकल्प
कार्यक्रम का एक महत्वपूर्ण एवं विशेष आकर्षण संविधान दिवस के अवसर पर भारतीय संविधान की उद्देशिका का वाचन रहा। मुख्य अतिथि लता उसेंडी द्वारा संविधान की उद्देशिका का वाचन किया गया। अतिथियों, प्राध्यापकों, कर्मचारियों एवं विद्यार्थियों ने संविधान की प्रस्तावना में निहित न्याय, स्वतंत्रता, समता एवं बंधुता के आदर्शों के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की।
विद्यार्थियों ने जनजातीय नृत्य से प्रस्तुत की वीरगाथाएं
कार्यक्रम के मध्य महाविद्यालय के छात्र-छात्राओं द्वारा आकर्षक जनजातीय नृत्य की प्रस्तुति दी गई। इस सांस्कृतिक प्रस्तुति की विशेषता यह रही कि इसमें छत्तीसगढ़ के जनजातीय वीरों एवं स्वतंत्रता सेनानियों की संघर्ष गाथाओं को लोकनृत्य, पारंपरिक वेशभूषा, संगीत और अभिनय के माध्यम से जीवंत रूप में प्रस्तुत किया गया। विद्यार्थियों ने अपनी प्रस्तुति के माध्यम से वीर गुंडाधुर के नेतृत्व में हुए भूमकाल विद्रोह, वीर नारायण सिंह के बलिदान तथा जनजातीय समाज के अन्य ऐतिहासिक संघर्षों को प्रभावशाली ढंग से दर्शाया।
इस अवसर पर महाविद्यालय के प्राध्यापकगण सहित महाविद्यालय के अन्य कर्मचारीगण एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।