कोण्डागांव

एनएसएस शिविर में विद्यार्थियों ने सीखी बांस हस्तशिल्प की बारीकियां
26-Nov-2026 9:57 PM
एनएसएस शिविर में विद्यार्थियों ने सीखी बांस हस्तशिल्प की बारीकियां

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

कोंडागांव, 26 नवंबर। स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट हिंदी माध्यम शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय शामपुर, विकासखंड माकड़ी की ओर से ग्राम भोगाड़ी, विकासखंड कोंडागांव में सात दिवसीय राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) शिविर का आयोजन किया जा रहा है।

 23 से 29 नवंबर 2026 तक आयोजित इस शिविर की थीम टीबी मुक्त एवं नशा मुक्त भारत रखी गई है। इसमें कक्षा 11वीं और 12वीं के कुल 62 विद्यार्थी शामिल हैं, जिनमें 40 छात्राएं और 22 छात्र हैं।

शिविर का उद्घाटन ग्राम पंचायत भवन तथा शासकीय प्राथमिक एवं माध्यमिक शाला भोगाड़ी के समीप आयोजित कार्यक्रम में किया गया। उद्घाटन अवसर पर ग्राम पंचायत सरपंच लखन नेताम, उपसरपंच मोहन ठाकुर, जनपद सदस्य भारत देवांगन, ग्राम पटेल भागीरथी ठाकुर, पंचायत प्रतिनिधि, सचिव चंदन देवांगन, शिक्षक और विद्यालय के कर्मचारी उपस्थित रहे।

शिविर के दूसरे दिन प्राचार्य अनूप विश्वास और शासकीय प्राथमिक शाला खुटपारा सोनाबाल के प्रधानपाठक हितेंद्र कुमार श्रीवास के सहयोग से बांस हस्तशिल्प कार्यशाला आयोजित की गई। वरिष्ठ हस्तशिल्पी मनमोहन नाग ने विद्यार्थियों को बांस से उपयोगी वस्तुएं बनाने की प्रक्रिया और हस्तशिल्प की बारीकियों की जानकारी दी।

कार्यशाला में विद्यार्थियों ने भाग लेकर बांस हस्तशिल्प बनाने की विधियां सीखीं। कोंडागांव क्षेत्र में बांस एवं अन्य पारंपरिक हस्तशिल्प का काम किया जाता है।

 इसी स्थानीय कला से विद्यार्थियों को परिचित कराने के उद्देश्य से कार्यशाला आयोजित की गई।

शिविर के आयोजन में प्राचार्य अनूप विश्वास, कार्यक्रम अधिकारी सहदेव सिदार, सुशील सिंह, रश्मि चंद्रवंशी, अनिता बघेल, विमल मेहेर सहित विद्यालय के अन्य कर्मचारियों की सहभागिता रही।


अन्य पोस्ट