कोण्डागांव

छुट्टी में घर आए आरक्षक ने लगाई फांसी
25-Feb-2026 9:04 PM
छुट्टी में घर आए आरक्षक ने लगाई फांसी

प्रेम प्रसंग की आशंका, जांच
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
केशकाल/विश्रामपुरी, 25 फरवरी।
थाना क्षेत्र विश्रामपुरी अंतर्गत ग्राम होनावण्डी में पुलिस विभाग के एक जवान द्वारा फांसी लगाकर आत्महत्या करने का मामला सामने आया है। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की गई। परिजनों की उपस्थिति में पेड़ से लटके शव को नीचे उतारकर पंचनामा कार्रवाई की गई।

मिली जानकारी के अनुसार आरक्षक सुरेश कुमार मरकाम (उम्र 28 वर्ष) रक्षित केंद्र में पदस्थ थे और 23 फरवरी से पांच दिनों की छुट्टी लेकर अपने गांव आए हुए थे। छुट्टी के दौरान ही उन्होंने अपने घर के पीछे बाड़ी में स्थित एक पेड़ पर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।

पुलिस की प्रारंभिक पूछताछ में आत्महत्या का कारण प्रेम प्रसंग से जुड़ा बताया जा रहा है। हालांकि पुलिस ने स्पष्ट किया है कि मामले की विस्तृत जांच अभी जारी है और सभी पहलुओं से जांच की जा रही है।

लगातार युवाओं द्वारा इस प्रकार आत्महत्या जैसी घटनाएं सामने आने से समाज में चिंता का माहौल है। पुलिस विभाग भी मामले की गंभीरता से जांच करते हुए वास्तविक कारणों का पता लगाने में जुटा हुआ है।

केशकाल एसडीओपी अरुण नेताम ने बताया कि आरक्षक छुट्टी पर घर आया हुआ था और इसी दौरान उसने आत्महत्या कर ली। शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया गया है। प्रारंभिक जांच में प्रेम प्रसंग की बात सामने आई है, वहीं आगे की जांच जारी है।

 


अन्य पोस्ट