कोण्डागांव
विधायक ने की 7 करोड़ का स्टेडियम और हॉस्टल निर्माण की घोषणा
'छत्तीसगढ़’ संवाददाता
केशकाल, 21 फरवरी। केशकाल स्थित दंडकारण्य महाविद्यालय में शनिवार को वार्षिकोत्सव एवं पुरस्कार वितरण समारोह का भव्य आयोजन किया गया। रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों और छात्रों की शानदार प्रस्तुतियों ने पूरे परिसर को उत्सवमय बना दिया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में केशकाल विधायक नीलकंठ टेकाम शामिल हुए।
वार्षिकोत्सव के दौरान छात्र-छात्राओं ने कबाड़ी नृत्य सहित 25 से अधिक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं, जिन्हें दर्शकों ने खूब सराहा। पारंपरिक एवं आधुनिक नृत्य प्रस्तुतियों ने कार्यक्रम में चार चांद लगा दिए और प्रतिभागियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक नीलकंठ टेकाम ने कहा कि कॉलेज जीवन विद्यार्थियों के जीवन का सबसे महत्वपूर्ण और सुनहरा समय होता है। उन्होंने घोषणा करते हुए बताया कि महाविद्यालय में जल्द ही शेड निर्माण कराया जाएगा तथा लगभग 7 करोड़ रुपये की लागत से आधुनिक स्टेडियम का निर्माण किया जाएगा। साथ ही दूरदराज से पढऩे आने वाले विद्यार्थियों के लिए हॉस्टल सुविधा भी शीघ्र उपलब्ध कराने की बात कही।
उन्होंने विद्यार्थियों को अपने लक्ष्य पर ध्यान केंद्रित करते हुए शिक्षा के माध्यम से उज्ज्वल भविष्य बनाने की प्रेरणा दी। कार्यक्रम के अंत में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को पुरस्कार वितरित कर सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर पूर्व नगर पंचायत अध्यक्ष आकाश मेहता, जनभागीदारी अध्यक्ष एवं पार्षद भूपेश चंद्राकर, पार्षद सुदर्शन कुंजाम, पार्षद हीरा लक्ष्मी शाह, महाविद्यालय प्राचार्य एच.डी. सोनवानी सहित वीरेंद्र बघेल, नीरज अग्निहोत्री, मनीष राठी एवं महाविद्यालय के प्राध्यापकगण एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।


