कोण्डागांव
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कोंडागांव, 30 जनवरी। राज्य सरकार द्वारा बस्तर की विशिष्ट जनजातीय कला एवं संस्कृति को संरक्षित करने और आगे बढ़ाने के उद्देश्य से बस्तर पंडुम के तहत बुधवार को जिला स्तरीय कार्यक्रम का भव्य शुभारंभ स्थानीय ऑडिटोरियम में हुआ। कार्यक्रम में मुख्य रूप से जिला पंचायत की अध्यक्ष रीता शोरी, नगर पालिका अध्यक्ष नरपति पटेल, उपाध्यक्ष जसकेतु उसेण्डी, जिला पंचायत सदस्य नंदलाल राठौर, यशोदा कश्यप, जनपद पंचायत माकड़ी की अध्यक्ष जुगबती पोयाम, जनपद सदस्य ममता नेताम, जितेन्द्र सुराना सहित विभिन्न समाज प्रमुखगण और अन्य स्थानीय जनप्रतिनिधिगण उपस्थित रहे।
यह आयोजन 29 जनवरी तक चला। कार्यकम के पहले दिन जनजातीय नृत्य एवं जनजातीय गीतों की मनमोहक प्रस्तुती दी गई। साथ ही जनजातीय वाद्ययंत्र का प्रदर्शन, जनजातीय वेशभूषा का प्रदर्शन, जनजातीय आभूषण का प्रदर्शन और जनजातीय वन औषधि का भी प्रदर्शन किया गया। इस जिला स्तरीय कार्यक्रम में बस्तर की जनजातीय कला और संस्कृति पर आधारित कुल 12 विधाओं में विकासखंड स्तरीय बस्तर पंडुम के विजेता प्रतिभागी अपना कला का प्रदर्शन कर रहे हैं।
उल्लेखनीय है कि राज्य सरकार द्वारा बस्तर पंडुम के माध्यम से बस्तर संभाग की समृद्ध लोककला, रीति-रिवाज, पारंपरिक जीवनशैली और सांस्कृतिक विरासत को संजोने कार्य किया जा रहा है और नई पीढ़ी को भी अपने समृद्ध संस्कृति को जानने का अवसर मिल रहा है।


