कोण्डागांव
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कोंडागांव, 30 जनवरी। कोंडागांव विकासखंड अंतर्गत ग्राम चिपावंड में महतारी सदन भवन का लोकार्पण राष्ट्रीय अनुसूचित जनजाति आयोग की सदस्य डॉ. आशा लकड़ा और बस्तर विकास प्राधिकरण की उपाध्यक्ष एवं कोंडागांव विधायक लता उसेंडी ने किया। इस दौरान कलेक्टर नूपुर राशि पन्ना सहित स्थानीय जनप्रतिनिधिगण उपस्थित रहे। इस दौरान डॉ. लकड़ा ने विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टाल का अवलोकन किया और हितग्राहियों को सामग्री का भी वितरण किया। कार्यक्रम में 10 लाख रुपए की लागत के सामुदायिक भवन निर्माण कार्य का भी भूमिपूजन हुआ।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए डॉ. आशा लकड़ा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में जनजातीय समाज के विकास के लिए कई योजनाएं संचालित की जा रही है। उन्होंने विशेष पिछड़ी जनजातीय समूह के सर्वांगीण विकास के लिए प्रधानमंत्री जनमन योजना की शुरुआत की है। इसी जनजातीय दिवस की शुरुआत कर प्रकार जनजातीय समाज के गौरव को बढ़ाया है। उन्होंने जिले की शिल्पकला की सराहना करते हुए कहा कि कोंडागांव का हुनर राष्ट्रीय स्तर पर पहचान बनाई है।
विधायक लता उसेंडी ने कहा कि नई योजना विकसित भारत जीरामजी के उद्देश्य और लाभ के बारे में बताया। नए महतारी सदन भवन के लोकार्पण पर क्षेत्रवासियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह महिलाओं के सशक्तिकरण का नया केंद्र बनेगा। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में महिलाओं को सशक्त और आत्मनिर्भर बनाने के लिए कई योजनाएं संचालित की जा रही है, जिसमें महतारी वंदन योजना महत्वपूर्ण है। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने भी महिलाओं को सशक्त बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल लखपति दीदी की पहल शुरू की है।
राष्ट्रीय बाल संरक्षण आयोग के पूर्व सदस्य यशवंत जैन ने केंद्र सरकार की विकसित भारत जीरामजी योजना के बारे विस्तृत जानकारी दी और कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने ग्रामीणों के आजीविका और रोजगार देने दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। इसके माध्यम से जल संचयन के कार्यों को बढ़ावा मिलेगा और आजीविका और रोजगार के साथ गांव का विकास होगा।
कार्यक्रम में 12 समूह को मिला सीड लाइसेंस
छत्तीसगढ़ में पहली बार बिहान समूह की महिलाओं द्वारा आजीविक सेवा केंद्र में 12 संगठन को सीड लाइसेंस प्राप्त हुआ है। जिससे वो अपने संगठन के क्षेत्र में कृषि सखी के माध्यम से सुविधाएं दे पाएंगी। इसी प्रकार 5 हितग्राहियों को आयुष्मान कार्ड, 4 दिव्यांगों को सहायक उपकरण और 4 लखपति दीदी को पुरस्कृत किया गया।
इस अवसर पर पूर्व विधायक सेवक राम नेताम, जिला पंचायत अध्यक्ष रीता शोरी, नगर पालिका अध्यक्ष नरपति पटेल, जनपद पंचायत अध्यक्ष अनीता कोर्राम, जनपद पंचायत माकड़ी अध्यक्ष जुगबती पोयाम, जिला पंचायत सदस्य यशोदा नाग, नन्दलाल राठौर, रदमा बघेल, भगवती कश्यप, जनपद उपाध्यक्ष टोमेंद्र ठाकुर, मनोज जैन, दीपेश अरोरा, जितेन्द्र सुराना, सूरज नेताम, हिना श्रीवास्तव, सोनामणि पोयाम सहित जिला पंचायत सीईओ अविनाश भोई विभिन्न विभागों के अधिकारी कर्मचारी और बड़ी संख्या में महिलाएं उपस्थित थीं।


