कोण्डागांव

विद्यार्थियों ने विशाल तिरंगे के साथ निकाली हर घर तिरंगा रैली
14-Aug-2025 9:57 PM
विद्यार्थियों ने विशाल तिरंगे के साथ निकाली हर घर तिरंगा रैली

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

कोंडागांव, 14 अगस्त। कोंडागांव जिला अंतर्गत संकुल केंद्र करंजी के शासकीय प्राथमिक शाला डोंगरीपारा के नन्हे बच्चों ने कार्यक्रम संयोजक टी.ऐंकट राव के मार्गदर्शन मे देश की एकता अखंडता एवं देशभक्ति की भावना को जागृत करने के लिए विशाल तिरंगे के साथ रैली निकाल घर घर तिरंगा हर घर तिरंगा के प्रति जागरूकता लाने की लिए तिरंगा रैली का आयोजन किया गया।इस रैली मे संस्था मे अध्ययनरत बच्चों ने बढ़ चढक़र हिस्सा लिया।

इस रैली में बच्चों ने विशाल तिरंगा लेकर चौक चौराहों मे जाकर घर घर संपर्क कर तिरंगे के महत्व को बताया।तिरंगा रैली निकालने के पूर्व संस्था परिसर मे शिक्षक राव के निर्देशन मे संस्था में अध्ययनरत नन्हे छात्र छात्राओं ने अपने हथेलियों को हरा केसरिया रंगों से रंगकर हथेलियों के छाप से एक विशाल एवं आकर्षक तिरंगा कला कृति को मूर्तरूप दिया जो आकर्षण का केंद्र था।

शिक्षिका सारिका वैष्णव के मार्गदर्शन में छात्राओं ने हर घर तिरंगा के थीम पर एक विशाल रंगोली बनाया जो आकर्षक होने के साथ साथ बच्चों मे देशभक्ति की भावना को और प्रगाढ़ कर रहा था।

 

इस दौरान हर घर तिरंगे की थीम पर राष्ट्रीय प्रश्नोत्तरी का भी आयोजन किया गया, जिसमें संस्थागत सभी बच्चों ने देशभक्ति के जज्बे के साथ बढ़चढ़ कर हिस्सा लिया। कार्यक्रम के द्वितीय चरण मे संस्था मे अध्ययनरत सभी छात्र छात्राओं ने सैनिक व पुलिस कर्मियों के देशभक्ति के लिए भावनात्मक पत्र लिखकर देश के प्रति उनके निस्वार्थ सेवा के लिए  पत्र के माध्यम से उनका आभार प्रकट किया।इन पत्रों को संस्था के माध्यम से संबंधित जांबाज सैनिक व पुलिस कर्मियों को प्रेषित किया जाएगा।

हर घर तिरंगा के थीम पर सभी छात्र छात्राओं ने तिरंगा राखी का भी निर्माण किया गया जिन्हें पेड़ो पर रक्षा सूत्र के रूप मे बांधकर पर्यावरण संरक्षण के प्रति ग्रामवासियों को जागरूक किया।इस पूरे आयोजन मे नन्हे छात्र छात्राओं ने बड़े ही उत्साहपूर्वक भाग लेकर सच्चे देशभक्ति की भावना को दिखाने का संकल्प लिया।


अन्य पोस्ट