कोण्डागांव
6.87 करोड़ की स्वीकृति पर क्षेत्रवासियों ने जताया आभार
कोण्डागांव, 14 अगस्त। लंबे इंतजार के बाद कोण्डागांव जिले के विधानसभा नारायणपुर अंतर्गत मर्दापाल के खोड़सानार-पदेरी-हड़ेली मार्ग के डामरीकरण और पुल-पुलिया निर्माण के लिए छत्तीसगढ़ शासन ने प्रशासकीय स्वीकृति प्रदान कर दी है। लोक निर्माण विभाग ने मंत्री केदार कश्यप के प्रयासों से वर्ष 2024-25 के बजट में शामिल इस 5.975 किमी लंबे सड़क निर्माण कार्य के लिए 6 करोड़ 87 लाख रुपये की राशि जारी की है।
स्वीकृति की जानकारी मिलते ही क्षेत्रवासियों में खुशी का माहौल है। ग्रामीणों ने वनमंत्री केदार कश्यप के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह सड़क निर्माण वर्षों पुरानी मांग थी, जिसके पूरा होने से आवागमन और विकास कार्यों में तेजी आएगी। भाजपा जिला अध्यक्ष सेवकराम नेताम ने कहा, हमारी मांगों पर मंत्री केदार कश्यप ने तुरंत पहल करते हुए इसे स्वीकृति दिलाई है। बीते दो वर्षों में कोण्डागांव और बस्तर संभाग को जितनी सड़क स्वीकृतियां मिली हैं, उतनी कांग्रेस सरकार के पांच वर्षों में नहीं मिलीं।
उन्होंने इस स्वीकृति के लिए प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदेव साय और मंत्री केदार कश्यप का विशेष आभार जताया। पूर्व जिला अध्यक्ष दीपेश अरोरा ने भी कहा कि नारायणपुर विधानसभा क्षेत्र के मर्दापाल ब्लॉक अंतर्गत इस मार्ग के निर्माण की मांग लंबे समय से थी, जिसे भाजपा कार्यकर्ताओं ने मंत्री कश्यप के सामने रखा था। उन्होंने कहा, विष्णुदेव साय सरकार और वनमंत्री केदार कश्यप के नेतृत्व में बस्तर लगातार विकास की राह पर आगे बढ़ रहा है।


