कोण्डागांव

गाज से युवक की मौत
22-Mar-2025 10:58 PM
गाज से युवक की मौत

कोण्डागांव, 22 मार्च। जिले के बड़े राजपुर ब्लॉक के पटेल पारा में शुक्रवार शाम एक दर्दनाक घटना घटी, जहां आकाशीय बिजली गिरने से 28 वर्षीय युवक की मौत हो गई। मृतक की पहचान आनंद कुमार नेवरा पिता रमेश नेवरा के रूप में हुई है। 

घटना शुक्रवार शाम की है, जब बड़े राजपुर क्षेत्र में तेज आंधी-तूफान के साथ भारी बारिश हो रही थी। इस दौरान आनंद कुमार अपने घर की किचन की टूटी छत को ठीक कर रहा था। अचानक एक तेज धमाके के साथ उनके घर पर आकाशीय बिजली गिर गई, जिसकी चपेट में आने से आनंद कुमार गंभीर रूप से झुलस गया और मौके पर ही बेहोश हो गया। परिजनों ने तुरंत उन्हें जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। परिजनों के अनुसार, आनंद कुमार की शादी महज 8 महीने पहले ही हुई थी। उनकी अचानक मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।

 प्रशासन ने इस प्राकृतिक आपदा में जान गंवाने वाले युवक के परिजनों को मुआवजा देने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।


अन्य पोस्ट