कोण्डागांव
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कोण्डागांव, 17 फरवरी। कलेक्टर श्री कुणाल दुदावत के मार्गदर्शन में नगर पालिका परिषद के राजस्व एवं स्वच्छता कर्मचारियों ने रविवार को सिंगल यूज प्लास्टिक बैन अभियान चलाते हुए नगर के मटन मार्केट एवं साप्ताहिक बाजार क्षेत्र में प्लास्टिक प्रतिबंध का उल्लंघन करने वालों पर कार्रवाई की। अभियान के दौरान 17 लोगों से कुल 2800 रुपये का जुर्माना वसूला गया।
गौरतलब है कि पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा 1 जुलाई 2022 से कतिपय सिंगल यूज प्लास्टिक उत्पादों के निर्माण, आयात, भंडारण, वितरण, विक्रय एवं उपयोग पर प्रतिबंध लगाया गया है। समय-समय पर चलाए जा रहे इस प्रकार के अभियानों का असर दिखने लगा है और कुछ दुकानदारों ने जागरूकता दिखाते हुए कम्पोस्टेबल प्लास्टिक बैग्स का उपयोग शुरू कर दिया है।
प्रतिबंधित प्लास्टिक उत्पाद
प्लास्टिक स्टिक युक्त ईयर बड्स, गुब्बारों की डंडियां, प्लास्टिक के झंडे, कैंडी स्टिक, आइसक्रीम स्टिक, एवं थर्मोकोल की सजावटी सामग्री,प्लेट, कप, गिलास, कांटे, चम्मच, चाकू, स्ट्रॉ, ट्रे जैसे कटलरी आइटम्स।
सिगरेट पैकेट पर लपेटने वाली प्लास्टिक फिल्म के साथ 100 माइक्रॉन से कम मोटाई वाले प्लास्टिक या पीवीसी बैनर एवं स्टीकर शामिल हंै।
नगर पालिका ने नागरिकों से अपील की है कि वे सिंगल यूज प्लास्टिक का उपयोग न करें और पर्यावरण संरक्षण में सहयोग दें। यह अभियान भविष्य में भी जारी रहेगा।


