कोण्डागांव

धान खरीदी केंद्रों में अव्यवस्थाओं के बीच खरीदी जारी
02-Jan-2025 10:26 PM
धान खरीदी केंद्रों में अव्यवस्थाओं के बीच खरीदी जारी

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

कोण्डागांव, 2 जनवरी। कोण्डागांव जिले के 67 धान खरीदी केंद्रों में अव्यवस्थाओं के बीच किसानों से धान खरीदी प्रक्रिया जारी है। एक जनवरी को छत्तीसगढ़ सहकारी समिति कर्मचारी संघ के निर्णय पर सुबह से सभी केंद्रों में धान खरीदी बंद रही, लेकिन प्रशासनिक हस्तक्षेप के बाद शाम तक 11 केंद्रों पर खरीदी शुरू की गई। वहीं, 2 जनवरी को बफर लिमिट ओवर होने के बावजूद सभी 67 केंद्रों पर धान खरीदी प्रक्रिया संचालित की गई। 

धान खरीदी केंद्रों के प्रभारी और समितियों के अनुसार, वर्तमान में अधिकांश केंद्रों में निर्धारित क्षमता से तीन गुना से अधिक धान का स्टॉक भरा हुआ है। इस कारण कई समस्याएं सामने आ रही हैं। इनके अनुसार, केंद्रों में धान रखने के लिए पर्याप्त स्थान उपलब्ध नहीं है। किसानों के वाहनों की भीड़ और उठाव के लिए आने वाले बड़े ट्रकों के कारण यातायात व्यवस्था चरमरा रही है। किसानों की संख्या अधिक होने से मजदूरों की कमी के कारण खरीदी प्रक्रिया धीमी गति से चल रही है। 

 कोण्डागांव जिले के सभी 67 केंद्रों पर 2 जनवरी को कुल 1499 किसानों के लिए 94,201 च्ंिटल धान खरीदी के लिए टोकन जारी किए गए। इसके बावजूद, केंद्रों की अव्यवस्था और धीमी प्रक्रिया के चलते किसानों को कई समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। बफर लिमिट पार होने और व्यवस्थागत दिक्कतों के बावजूद खरीदी प्रक्रिया जारी रखने से प्रशासन के प्रबंधन पर सवाल खड़े हो रहे हैं।

 केंद्र प्रभारियों का कहना है कि जल्द से जल्द उठाव प्रक्रिया तेज की जाए, अन्यथा किसानों और समितियों की परेशानी और बढ़ सकती है। धान खरीदी की मौजूदा स्थिति ने किसानों और समितियों दोनों के लिए चुनौतियां बढ़ा दी हैं।


अन्य पोस्ट