कोण्डागांव

कांग्रेसियों ने घेरा मसोरा टोल नाका, स्थानीयों के लिए टोल छूट की मांग
21-Dec-2024 10:05 PM
कांग्रेसियों ने घेरा मसोरा टोल नाका, स्थानीयों के लिए टोल छूट की मांग

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

कोण्डागांव, 21 दिसंबर। कोण्डागांव जिला कांग्रेस कमेटी ने 21 दिसंबर को नेशनल हाईवे-30 पर स्थित मसोरा टोल नाका का घेराव किया गया। कांग्रेस पार्टी ने आरोप लगाया कि टोल प्रबंधन स्थानीय निवासियों को टोल छूट देने के नियमों का पालन नहीं कर रहा है।

टोल नाका घेराव के दौरान कांग्रेस जिलाध्यक्ष झुमुकलाल दीवान, जिला पंचायत अध्यक्ष देवचंद मातलाम, नगर पालिका अध्यक्ष वर्षा यादव, कांग्रेस के अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।

 कांग्रेस नेताओं ने बताया कि स्थानीय पासिंग गाड़ी नंबर या आधार कार्ड के आधार पर अन्य जिलों में निवासियों को टोल छूट दी जाती है। लेकिन मसोरा टोल नाका पर कोण्डागांव जिले के निवासियों को इस सुविधा से वंचित रखा गया है। इस मुद्दे को लेकर पूर्व में कांग्रेस द्वारा कोण्डागांव कलेक्टर से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा गया था और स्थानीय लोगों को छूट देने की मांग की गई थी। हालांकि, कोई कार्रवाई नहीं होने के कारण कांग्रेस ने जनहित में टोल नाका घेरने का निर्णय लिया। 

 कांग्रेसियों का कहना है कि, नियमों के अनुसार प्रत्येक 60 किमी के दायरे में टोल टैक्स लागू होता है। लेकिन कोण्डागांव शहर से मसोरा टोल नाका की दूरी मात्र 5 किमी है। ऐसे में स्थानीय निवासियों के लिए हर दिन टोल टैक्स चुकाना अनुचित है।

कांग्रेस ने इस स्थिति को गलत ठहराते हुए टोल टैक्स में छूट देने की मांग की है। घेराव के बाद कांग्रेस ने स्थानीय प्रशासन को ज्ञापन सौंपते हुए मांग की कि कोण्डागांव जिले के निवासियों को मसोरा टोल नाका पर तत्काल प्रभाव से छूट प्रदान की जाए।


अन्य पोस्ट