कोण्डागांव

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कोण्डागांव, 8 दिसंबर। बस्तर ओलम्पिक मशाल रैली केशकाल से रवाना होकर जिला मुख्यालय कोंडागांव पहुंचने पर कलेक्टर परिसर में भव्य स्वागत किया गया। इस दौरान कलेक्टर कुणाल दुदावत, पुलिस अधीक्षक वाय अक्षय कुमार और नगर पालिका उपाध्यक्ष जसकेतु उसेंडी सहित जनप्रतिनिधियों द्वारा खिलाडिय़ों को पुष्पमाला पहनाकर उनका स्वागत किया।
कलेक्टर ने खिलाडिय़ों को संभाग स्तरीय बस्तर ओलम्पिक में शामिल होने शुभकामनाएं दीं और उनका उत्साहवर्धन किया। मशाल रैली को उपस्थित अतिथियों द्वारा हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। इस अवसर पर एडीएम चित्रकांत चार्ली ठाकुर, एसडीएम अजय उरांव वरिष्ठ खेल अधिकारी सुधा कुमार सहित अन्य अधिकारीगण उपस्थित थे।
उल्लेखनीय है कि मशाल रैली प्रात: 10 बजे विकासखण्ड मुख्यालय केशकाल से प्रारंभ हुई, जहां अध्यक्ष जनपद पंचायत केशकाल महेन्द्र नेताम, अध्यक्षनगर पंचायत केशकाल रोशन जमीर खान अनुविभागीय अधिकारी केशकाल अंकित चौहान एवं ग्रामीण, स्कूली विद्यार्थी, खिलाड़ी उपस्थित थे। जनप्रतिनिधियों द्वारा मशाल रैली को हरी झंडी दिखा कर रवाना किया गया। केशकाल के ग्राम बहीगांव में मशाल रैली का ग्रामीणों द्वारा भव्य स्वागत किया गया।
इसके बाद रैली फरसगांव विकासखण्ड पहुँची, जहाँ अनुविभागीय अधिकारी श्री अश्वन पुसान, मु.का.अधि. जनपद पंचायत फरसगांव श्री रामेश्वर महापात्र एवं उपस्थित जनप्रतिनिधियों द्वारा मशाल रैली का स्वागत किया गया। स्वागत पश्चात मशाल रैली को कोण्डागांव विकासखण्ड हेतु रवाना किया गया। फरसगांव के ग्राम लंजोडा में भी ग्रामीणों द्वारा स्वागत किया गया।
कोण्डागांव में स्वागत के बाद मशाल रैली का भ्रमण कराया गया, जिनका फुटबॉल के खिलाडिय़ो द्वारा फुटबॉल स्टेडियम में स्वागत किया गया। इसके पश्चात मशाल रैली को कोण्डागांव से जगदलपुर के लिए रवाना किया गया। मार्ग में कोण्डागांव विकासखण्ड के दुधगांव, बनियागांव एवं दहीकोगा में भी ग्रामीणों जनप्रतिनिधियों द्वारा स्वागत किया गया। मशाल रैली के नोडल प्रभाकर सिंह, व्या. शिक्षक हैं।
मशाल रैली के नेतृत्व करने वाले खिलाडिय़ों में सुशीला नेताम, रमीता शोरी, रंजू नेताम और देवकुमार नेताम सभी खिलाड़ी राष्ट्रीय स्तर के पदक प्राप्त तीरंदाजी के खिलाड़ी हैं। तीरंदाजी के खेलो इंडिया सेंटर के प्रशिक्षक नकुल सिंह, कबड्डी के राज्य स्तर के कबड्डी खिलाड़ी मुन्ना नेताम, शितल मरकाम बस्तर भी शामिल हैं। संभाग के 7 जिलों से यह मशाल रैली जगदलपुर पहुँची, जहाँ शाम को दलपत सागर में दीप प्रज्जवलित कर इस मशाल रैली का समापन किया गया।