कोण्डागांव

हड़ताल समाप्त करने का आग्रह
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कोंडागांव, 23 नवंबर। छत्तीसगढ़ नगरीय निकाय प्लेसमेंट कर्मचारी महासंघ के बैनर तले जिला मुख्यालय कोण्डागांव के डीएनके मैदान में 19 नवंबर से अनिश्चितकालीन हड़ताल पर बैठे प्लेसमेंट कर्मचारियों को भारतीय जनता पार्टी के नेताओं ने समर्थन दिया।
भाजपा जिलाध्यक्ष दीपेश अरोरा, नगर पालिका उपाध्यक्ष जसकेतु उसेंडी और अन्य भाजपा पदाधिकारी 22 नवंबर को धरना स्थल पहुंचे और कर्मचारियों को उनकी मांगों पर सहानुभूतिपूर्वक विचार का आश्वासन दिया।
धरना पर बैठे कर्मचारियों की मांग है कि नगरीय निकायों में कार्यरत प्लेसमेंट कर्मचारियों को ठेका पद्धति समाप्त कर अन्य विभागों जैसे जल संसाधन, पीडब्ल्यूडी, पीएचई, वन विभाग के तर्ज पर सीधे वेतन दिया जाए। प्लेसमेंट कर्मचारी महासंघ के जिलाध्यक्ष रसमन कश्यप ने बताया कि यह उनका एक सूत्रीय मांग है, जिसे लेकर वे हड़ताल पर हैं।
भाजपा पदाधिकारियों ने धरना स्थल पर कर्मचारियों से मुलाकात की और उनकी मांगों का समर्थन करते हुए आश्वासन दिया कि इस मुद्दे को मुख्यमंत्री के समक्ष स्थानीय विधायक लता उसेंडी के माध्यम से उठाया जाएगा। साथ ही, उन्होंने कर्मचारियों से हड़ताल समाप्त कर कार्य पर लौटने का आग्रह भी किया।
कर्मचारी नेताओं ने फिलहाल अपनी हड़ताल जारी रखने की बात कही है और मांग पूरी होने तक प्रदर्शन खत्म न करने का संकल्प व्यक्त किया।
हड़ताल पर नगर पालिका कोण्डागांव, नगर पंचायत केशकाल, और फरसगांव के कर्मचारियों के समर्थन में चल रही है, जिससे नगरीय निकायों के कार्य प्रभावित हो रहे हैं।