कोण्डागांव

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कोंडागांव, 20 अक्टूबर। छत्तीसगढ़ नगरी निकाय प्लेसमेंट कर्मचारी महासंघ के बैनर तले नगर पालिका कोण्डागांव, नगर पंचायत केशकाल, और नगर पंचायत फरसगांव के प्लेसमेंट कर्मचारी 19 नवंबर से अनिश्चितकालीन हड़ताल पर बैठ चुके हैं। ये कर्मचारी जिला मुख्यालय के डीएनके मैदान में अपनी मांगों को लेकर प्रदर्शन कर रहे हैं।
महासंघ के पदाधिकारियों ने बताया कि उनकी प्रमुख मांग नगरीय निकायों में कार्यरत प्लेसमेंट कर्मचारियों को अन्य विभागों (जैसे जल संसाधन, पीडब्ल्यूडी, पीएचई, वन विभाग) के तर्ज पर निकायों से सीधे वेतन का भुगतान करना है। उनका कहना है कि ठेका पद्धति पूरी तरह से बंद होनी चाहिए। हड़ताल के पहले दो दिनों तक कोण्डागांव में प्रदर्शन के बाद आंदोलनकारी संभाग मुख्यालय जगदलपुर में भी अनिश्चितकालीन हड़ताल करेंगे।
इधर, प्लेसमेंट कर्मचारियों की हड़ताल के कारण नगर निकाय क्षेत्रों में सफाई, बिजली, पानी जैसी बुनियादी सेवाएं बाधित हो गई हैं। हड़ताल के चलते आमजन को असुविधाओं का सामना करना पड़ रहा है।