कोण्डागांव

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कोंडागांव, 13 जुलाई। केन्द्रीय विद्यालय कोंडागांव की कबड्डी टीम ने प्रथम पुरस्कार जीता। शुक्रवार को सभी टीम कोंडागाँव वापस आई, जहाँ उनके अभिभावकों व शिक्षकों ने खुली बांहों से उनका स्वागत किया।
केन्द्रीय विद्यालय की 53वीं संभाग स्तरीय खेलकूद स्पर्धा 2024 रायपुर संभाग के विभिन्न केन्द्रीय विद्यालयों के बीच संपन्न हुई। इसमें केन्द्रीय विद्यालय कोंडागाँव की कबड्डी टीम ने प्रथम पुरस्कार जीत कर अपने जि़ले का नाम रोशन किया है।
केन्द्रीय विद्यालय कोरबा क्रमांक 4 में आयोजित इस प्रतियोगिता में कोंडागाँव की शुरुआत रायपुर की टीम से हारने से हुई। एक नई टीम होने की वजह से जहाँ वर्षों से पुरानी टीमों का दबदबा रहा हो, कोंडागाँव की टीम के बच्चे थोड़ा घबराए हुए थे। यहाँ पर केंद्रीय विद्यालय कोंडागाँव से उनके साथ गए अनुरक्षक शिक्षक मनोज कुमार ध्रुवे ने बच्चों का पल पल आत्मविश्वास बढ़ाया। जिसका असर यह रहा कि फिऱ बच्चे एक के बाद एक खैरागढ़, नारायणपुर, जांजगीर को पछाड़ते हुए आगे बढ़े और अंतत: प्रथम पुरस्कार अपने नाम किया।
लेखा नेताम ने यू-17 जूडो में प्रथम स्थान लाकर स्वर्ण पदक कोंडागाँव के नाम किया। चेस, बैडमिंटन, तीरंदाज़ी में बच्चों ने उत्तम स्थान प्राप्त करने के साथ-साथ खो-खो व टेबल टेनिस में भी अपना सर्वोत्तम प्रयास किया। गत 12 जुलाई को सभी टीम कोंडागाँव वापस आईं जहाँ उनके अभिभावकों व शिक्षकों ने खुली बांहों से उनका स्वागत किया।
नन्हें-नन्हें बच्चों के इन बड़े-बड़े प्रयासों को देखकर विद्यालय के प्राचार्य नंदकिशोर वासनिक ने सभी होनहार विद्यार्थियों, उनके अभिभावकों व शिक्षकों को बधाई व भावी जीवन हेतु शुभकामनाएँ प्रदान कीं।