कोण्डागांव

वन महोत्सव: टाटामारी में रोपे 300 से अधिक पौधे
12-Jul-2024 10:31 PM
वन महोत्सव: टाटामारी में रोपे 300 से अधिक पौधे

सीसीएफ, कलेक्टर और डीएफओ ने किया मां के नाम पौधारोपण

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

केशकाल, 12 जुलाई। केशकाल वनमंडल अंतर्गत इको पर्यटन केंद्र टाटामारी में गुरुवार को वन विभाग के द्वारा वन महोत्सव कार्यक्रम का आयोजन किया गया था। जिसमें सीसीएफ दिलराज प्रभाकर, कलेक्टर कुणाल दुदावत, डीएफओ गुरुनाथन एन. समेत अन्य अधिकारियों व स्थानीय लोगों ने मिलकर पीपल, बरगद, नीम, आंवला, काजू एवं बांस के 300 से अधिक पौधे लगाए।

इस दौरान कलेक्टर ने जनता से अपने आसपास अधिक से अधिक पौधरोपण करने की अपील की। इस दौरान केशकाल एसडीएम अंकित चौहान, फारेस्ट एसडीओ सुषमा जे. नेताम एवं रेंजर मुनीर खान समेत वन प्रबंधन से समिति के पदाधिकारी, स्व सहायता समूह की महिलाएं एवं वन विभाग के अधिकारी कर्मचारी मौजूद रहे।

इस संबंध में कांकेर सीसीएफ दिलराज प्रभाकर ने बताया कि प्रधानमंत्री जी की परिकल्पना एक पौधा मां के नाम के तहत वन महोत्सव का आयोजन हुआ है। जिसमें केशकाल वनमंडल समेत पूरे कांकेर वन वृत्त में 50 हजार से अधिक पौधे लगाए जा रहे हैं। साथ ही प्रधानमंत्री जी की सोच- एक पौधा मां के नाम के माध्यम से जनता को पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक किया जा रहा है।

कोंडागांव कलेक्टर कुणाल दुदावत ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी की मंशा के अनुरूप स्थानीय जनप्रतिनिधियों व गणमान्य लोगों के साथ मिलकर वन विभाग द्वारा टाटामारी एवं अन्य स्थानों पर मां के नाम से एक एक पौधा लगाया जा रहा है।

 जिसमें स्कूलों एवं आंगनबाड़ी के बच्चे भी अपनी मां के नाम पर एक पौधा लगा रहे हैं। यह मुहिम भविष्य के दृष्टिकोण से बहुत जरूरी है। यह मुहिम हमारे कोंडागांव जिले को हरित एवं सुंदर बनाने में मदद भी करेगी।

उल्लेखनीय है कि वन महोत्सव के तहत किसानों के द्वारा वृक्ष मित्र योजना के अंतर्गत 7 लाख 69 हजार 556 पौधे लगाए जाएंगे। जिनमें क्लोनल नीलगिरी, टिशू कल्चर सागौन, टिशू कल्चर, बांस, चंदन तथा अन्य आर्थिक लाभकारी प्रजाति के पौधे शामिल हैं। इसके अतिरिक्त कैंपा मद से 29 हजार 250 पौधे भी लगाए जाएंगे।


अन्य पोस्ट