कोण्डागांव

बाईपास को मिली प्रशासनिक स्वीकृति
06-May-2023 8:56 PM
बाईपास को मिली प्रशासनिक स्वीकृति

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता 
कोण्डागांव, 6 मई।
जिला मुख्यालय कोण्डागांव के लिए छत्तीसगढ़ शासन की एक और सौगात मिली है। छत्तीसगढ़ शासन की ओर से कोण्डागांव बाईपास को 77 करोड़ रुपए की प्रशासनिक स्वीकृति दी गई है। इस पर छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष व कोण्डागांव विधायक मोहन मरकाम ने मुख्यमंत्री और विभागीय मंत्री का आभार व्यक्त किया है, साथ ही उन्होंने बाईपास को विकास के लिए प्रमुख बिंदु बताया है।

बाईपास की मांग कोण्डागांव में जिला गठन से पहले से उठने लगी थी। लंबे समय से किए जा रहे मांग को गंभीरता से लेते हुए मुख्यमंत्री ने इसकी घोषणा भी कर दी, लेकिन तकनीकी दिक्कतों के चलते इसे प्रशासनिक स्वीकृति नहीं मिल पाया था। अब कोण्डागांव के बाईपास को 77 करोड़ रुपए का प्रशासनिक स्वीकृति भी मिल चुका है। 

प्रशासनिक स्वीकृति मिलने पर छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष मोहन मरकाम ने कहा कि, कोण्डागांव की बहुप्रतीक्षित मांग को मुख्यमंत्री और विभागीय मंत्री ने स्वीकृति दिलाई है, 77 करोड़ रुपए से लगभग 9 किलोमीटर का यह बाईपास तैयार किया जाएगा। 

बाईपास के निर्माण हो जाने से यातायात सुगम तो होगा ही साथ ही लचर यातायात व्यवस्था से भी निजात मिलेगा। नगर विकास के लिए यह महत्वपूर्ण भूमिका अदा करेगा।


अन्य पोस्ट