कोण्डागांव

शाकंभरी जयंती में शामिल हुए मरकाम, शोभायात्रा
06-Jan-2023 9:15 PM
शाकंभरी जयंती में शामिल  हुए मरकाम, शोभायात्रा

कोण्डागांव, 6 जनवरी। जिला मुख्यालय कोण्डागांव के बाजार परिसर स्थित शीतला माता मंदिर मैदान में 6 जनवरी को मरार पटेल समाज के माध्यम से शाकम्भरी जयंती समारोह कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यहां मुख्य रूप से छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष व कोण्डागांव विधायक मोहन मरकाम, जिला पंचायत उपाध्यक्ष भगवती पटेल, नगर पालिका कार्यवाहक अध्यक्ष वर्षा यादव, शाकंभरी आयोग सदस्य अनुराग पटेल, जिला कांग्रेस अध्यक्ष झुमुक लाल दीवान एवं अन्य जन शामिल हुए। यहां कार्यक्रम का शुभारंभ शाकम्भरी माता का पूजा अर्चना कर किया गया। वहीं कार्यक्रम के तहत सामाजिक रीति रिवाज का प्रदर्शन किया गया। वहीं मेधावी छात्र-छात्राओं को कांग्रेस अध्यक्ष के हाथों सम्मानित भी किया गया।

हजारों की संख्या में शामिल मरार पटेल समाज के जनों ने शाकंभरी जयंती के अवसर पर कोण्डागांव में शोभायात्रा निकाली। मरार पटेल समाज की आराध्य देवी शाकंभरी माता के जयंती महोत्सव कार्यक्रम के तहत सामाजिक जनों के द्वारा भव्य झांकी व शोभायात्रा कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जो कि बाजारपारा, जयस्तंभ चौक, मस्जिद चौक, बस स्टैंड, सिटी कोतवाली चौक, बंधा तालाब चौक होते हुए नगर के मुख्य मार्ग से गुजरी। जिसके बाद पुन: इसी मार्ग से बाजार परिसर पहुंचकर शोभायात्रा का समापन किया गया। भव्य शोभायात्रा में हजारों की संख्या में सामाजिक जन शामिल हुए।


अन्य पोस्ट