कोण्डागांव

मंडी अध्यक्ष धन्नूराम ने खरीदी केंद्रों का किया निरीक्षण
केशकाल, 14 दिसंबर। कोंडागांव जिले के 61 धान खरीदी केंद्रों में अब तक 8,60,000 क्विंटल धान की खरीदी की जा चुकी है। लेकिन धान का उठाव न होने के कारण धान खरीदी केंद्रों में जाम की स्थिति निर्मित होने लगी है। वहीं बीते कुछ दिनों से मौसम बिगडऩे पर लेम्प्स प्रभारियों को बारिश का डर भी सताने लगा है।
बुधवार को छत्तीसगढ़ योजना आयोग के सदस्य एवं मंडी समिति के अध्यक्ष धन्नूराम मरकाम ने केशकाल धान खरीदी केंद्र का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने किसानों से बातचीत कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया, साथ ही खरीदी केंद्रों में जाम पड़े धान को जल्द से जल्द उठाने के लिए संबंधित अधिकारियों से फोन के माध्यम से चर्चा भी की।
इस दौरान मंडी समिति के अध्यक्ष धन्नूराम मरकाम ने बताया कि समूचे केशकाल विधानसभा में इस बार धान खरीदी जोरों शोरों से चल रही है। लेकिन समय से धान का उठाव ना होने के कारण समिति प्रभारियों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। इसे ध्यान में रखते हुए हमने खाद्य विभाग के अधिकारियों से चर्चा करते हुए केशकाल विकासखंड के सभी धान खरीदी केंद्रों से धान के उठाव का कार्य तीव्र गति से करवाने का आग्रह किया है।
केशकाल एसडीएम शंकरलाल सिन्हा ने बताया कि विकासखंड केशकाल व बडेराजपुर के अधिकांश धान खरीदी केंद्रों में उठाव न होने की जानकारी प्राप्त हुई है। मैंने जिले के सहायक पंजीयक एवं डीएमओ से सम्पर्क कर के उन्हें अंदरूनी क्षेत्रों के धान खरीदी केंद्रों में जल्द से जल्द धान का उठाव करवाने के सम्बंध में चर्चा किया है।