कोण्डागांव

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
केशकाल, 11 दिसम्बर। नगर की समस्या सहित जनसेवा में हमेशा तत्पर रहने वाले नगर पंचायत अध्यक्ष रोशन जमीर की सूझबूझ के चलते एक बार फिर बेजूबान गाय को समय पर इलाज मिला। शनिवार सुबह नगर के वार्ड क्र.1 आश्रम मार्ग पर सुबह-सुबह किसी वाहन की ठोकर से एक गाय बुरी तरह जख्मी हो गया, जिसकी जानकारी मिलते ही नगर पंचायत अध्यक्ष रोशन जमीर खान ने तत्काल पशु विभाग के कर्मचारियों को बुलवाकर घायल गाय का इलाज करवाया, वहीं नगर पंचायत के कर्मचारियों द्वारा गाय को सुरक्षित जगह पर रखा गया।
नगर पंचायत अध्यक्ष रोशन जमीर की सूचना पर पशु चिकित्सक डॉ. चार्ली पोर्ते अपने सहकर्मी के साथ घायल गाय की हालत को देखने मौके पर पहुँचे, लेकिन गंभीर रूप से घायल होने के कारण गाय दर्द से छटपटाता रहा फिर भी पशु विभाग की टीम ने मौके पर ही प्राथमिक उपचार करने पर गाय को कुछ राहत मिल पाया। वही समय पर इलाज करने को लेकर अध्यक्ष ने पशु विभाग के समस्त कर्मचारियों को सराहा।