कोण्डागांव

हड़ताली कर्मियों ने निकाली बाइक रैली, कहा सरकार जल्द करें हमारी मांगें पूरी
27-Aug-2022 9:24 PM
हड़ताली कर्मियों ने निकाली बाइक रैली, कहा सरकार जल्द करें हमारी मांगें पूरी

केशकाल, 27 अगस्त।  छत्तीसगढ़ के कर्मचारियों को केंद्र सरकार के समान महंगाई भत्ता एवं गृहभाड़ा देने की मांग को लेकर 22 अगस्त से केशकाल नगर के रावणभाठा मैदान समेत समूचे प्रदेश के शासकीय कर्मचारी अधिकारी बेमुद्दत हड़ताल पर बैठे हुए हैं। शनिवार को हड़ताल के छठवें दिन कर्मचारियों ने सैकड़ों की संख्या में बाइक रैली निकाल कर जमकर नारेबाजी करते हुए शासन प्रशासन का ध्यानाकर्षण करवाने का प्रयास किया है।

ज्ञात हो कि केशकाल के रावणभाठा मैदान में प्रतिदिन सैकड़ों की संख्या में कर्मचारी शामिल होते हैं। शासन का ध्यानाकर्षण करवाने के लिए हड़ताल स्थल पर भजन, कविता, कहानी व अन्य विभिन्न गतिविधियां आयोजित होती है। इसी कड़ी में आज फेडरेशन के महिला व पुरुष कर्मचारियों द्वारा बाइक रैली निकाली गई। यह रैली धरना स्थल से शुरू होकर बोरगांव, बस स्टैंड, विश्रामपुरी चौक व पंचवटी होते हुए वापस लौटी। इस दौरान कर्मचारी ने गर्मजोशी के साथ नारेबाजी करते हुए राज्य सरकार के खिलाफ अपनी आवाज बुलंद करते नजर आए।

इस दौरान जिला संयोजक नीलकंठ शार्दूल, सह संयोजक शिवराज सिंह ठाकुर, लोकेश गायकवाड़, जिला सचिव हीरा नेताम, चमनलाल वर्मा, राजकुमार मंडावी, विश्वनाथ पटेल, चन्दन सेठिया, प्रकाश साहू, अली पाशा, निर्मल तिवारी, रौशन हिरवानी समेत सैकड़ों कर्मचारी अधिकारी मौजूद रहे।


अन्य पोस्ट