कोण्डागांव

भाजपा किसान मोर्चा का कार्यक्रम विफल, पूरे दिन पुलिस रही तैनात, नहीं दिखे कार्यकर्ता
23-Jul-2022 5:05 PM
भाजपा किसान मोर्चा का कार्यक्रम विफल, पूरे दिन पुलिस रही तैनात, नहीं दिखे कार्यकर्ता

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
केशकाल,  23 जुलाई।
छत्तीसगढ़ में इन दिनों खाद की कमी होने के कारण पूरे प्रदेश के किसानों की संकट बढ़ा दी है,  वहीं दूसरी ओर खाद की कालाबाजारी तथा अघोषित बिजली कटौती समेत अन्य मुद्दों को लेकर भाजपा किसान मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष श्यामबिहारी जायसवाल के निर्देशानुसार कोंडागांव जिले के समस्त मण्डलों के सोसायटियों में मंडल अध्यक्ष के नेतृत्व में एक दिवसीय धरना प्रदर्शन एवं बिजली कार्यालय में तालाबंदी किया गया। इसी तारतम्य में कोंडागांव जिले के विश्रामपुरी, माकड़ी समेत अन्य कुछ सोसायटियों में यह कार्यक्रम जरूर हुआ लेकिन केशकाल के सोसायटी में दिन भर सन्नाटा पसरा रहा।

बताया जा रहा है कि भाजपा जिलास्तरीय पदाधिकारियों व मण्डल स्तर के पदाधिकारियों में आपसी सामंजस्यता की कमी के कारण केशकाल में आयोजित इस धरना स्थल में भाजपा के कोई पदाधिकारी नजर आए। परिणामस्वरूप न ही विरोध प्रदर्शन हुआ न ही तालाबंदी हो पाई। हालांकि केशकाल के लेम्प्स व सब स्टेशन में केशकाल पुलिस के अधिकारी- कर्मचारी जरूर तैनात रहे।

प्रदेश भाजपा के पदाधिकारियों के निर्देशानुसार छत्तीसगढ़ के विभिन्न जिलों में भाजपा किसान मोर्चा का प्रदर्शन करते हुए नजर आए लेकिन केशकाल में भाजपा कार्यकताओं में सक्रियता दिखाई नहीं दिया। केशकाल लैंप्स और बिजली विभाग के कार्यालय में सुबह शाम पुलिस कर्मी तैनात नजर आए। दो-चार भाजपा कार्यकर्ता ही नजर आ रहे थे, लेकिन वे लोग भी धीरे निकल गए।

बताया जा रहा है कि इससे पूर्व भी भाजपा किसान मोर्चा का कार्यक्रम केशकाल में हुआ था, तब भी कोई कार्यकर्ता सक्रिय नजर नहीं आए थे। इससे साफ साबित होता है कि भाजपा विपक्ष में रह कर किस प्रकार अपना भूमिका निभा रही है।

विश्रामपुरी मंडल में ही भाजपा के कार्यकर्ता प्रदर्शन करते दिखे
इधर, विश्रामपुरी मण्डल में भाजपा किसान मोर्चा के जिलाध्यक्ष अंजोरी नेताम के नेतृत्व में बड़ी संख्या में पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं की मौजूदगी में सोसायटी के समक्ष धरना-प्रदर्शन कर राज्य सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की गई। भाजपाइयों ने लेम्प्स में घुसने का प्रयास भी किया, इस दौरान उनकी पुलिस के साथ थोड़ी झूमा झटकी भी हुई।

अंत में लेम्प्स प्रबंधक व विद्युत विभाग के अधिकारी को ज्ञापन सौंपने के पश्चात धरना प्रदर्शन समाप्त हुआ। इस दौरान इस अवसर पर पूर्व विधायक सेवकराम नेताम, किशन पांडे, अंजोरीराम नेताम, पुनीतदास मानिकपुरी, अनीता नेताम, सुरेंद्र मरकाम, गुलशन नेताम, रविंद्र पांडे, शिवराम सलाम, प्रभुराम नेताम, सुनील जैन, मन्नाराम मरकाम, ताराचंद सेठिया समेत बड़ी संख्या मे भाजपा कार्यकर्ता व किसान मौजूद रहे।
 


अन्य पोस्ट