कोण्डागांव

ड्राइवर को झपकी, बोलेरो पलटी, एएसआई की मौत, दो घायल
16-Jun-2022 1:53 PM
ड्राइवर को झपकी, बोलेरो पलटी, एएसआई की मौत, दो घायल

 ‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
केशकाल, 16 जून।
बीती रात केशकाल थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम सिंगनपुर के समीप  ड्राइवर को झपकी आ जाने से सुकमा से रायपुर की ओर जा रही बोलेरो अनियंत्रित होकर सडक़ पर 2-3 बार पलट गई। वाहन में सवार एक एएसआई को गम्भीर चोटें आई थीं। घायल एएसआई को तत्काल केशकाल अस्पताल लाया गया था, लेकिन अथक प्रयासों के बाद स्थिति में सुधार नहीं हुआ, कुछ देर के बाद डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। हादसे में एएसआई की बेटी और एक आरक्षक भी घायल हुए हैं व अन्य दो सुरक्षित हैं।

सुकमा जिले के चिंतागुफा थाना में पदस्थ सहायक उप निरीक्षक ओमप्रकाश नरेटी अपने स्टाफ के दो आरक्षक नरसिंग मरकाम, परमेश्वर मंडले के साथ विभागीय कार्य हेतु रायपुर जा रहे थे। एएसआई की बेटी जो जगदलपुर में पढ़ाई कर रही है, उसे भी अपने साथ बिठा कर केशकाल लेकर आ रहे थे। तभी रात में करीब डेढ़ बजे केशकाल के सिंगनपुर के समीप ड्राइवर को अचानक झपकी आ गई और बोलेरो अनियंत्रित होकर पलट गया।
इस दुर्घटना में एएसआई ओमप्रकाश नरेटी के सिर व छाती में अंदरूनी चोटें आई, और घटनास्थल पर ही काफी खून बह गया था। मौके पर पहुंची केशकाल पुलिस ने पेट्रोलिंग वाहन में डालकर उन्हें केशकाल अस्पताल लाया, जहां प्राथमिक उपचार के पश्चात उन्हें रेफर करने की तैयारी चल ही रही थी, लेकिन उन्होंने दम तोड़ दिया। वहीं एएसआई की बेटी और एक आरक्षक परमेश्वर मंडले भी घायल हुए हैं व अन्य दो सुरक्षित हैं।

निधन की खबर से केशकाल में शोक की लहर

 दिवंगत एएसआई ओमप्रकाश नरेटी ने लम्बे समय तक केशकाल थाना में अपनी सेवा दी है। यहां वह आरक्षक, प्रधान आरक्षक के पद पर रहे। इसके पश्चात जब स.उ.नि के पद पर प्रमोशन हुआ, तब वह सुकमा जिले के चिंतागुफा थाना चले गए। उनकी पत्नी और एक बेटी अभी भी केशकाल में भी निवास करती हैं। उनके सरल एवं मिलनसार व्यक्तित्व से पूरा केशकाल भलीभांति परिचित है। श्री नरेटी के निधन की खबर से पूरे केशकाल में शोक की लहर है।


अन्य पोस्ट