कोण्डागांव

भाजपा कार्यकर्ता सम्मेलन, 5 सौ से अधिक ने थामा भाजपा का दामन
29-May-2022 10:10 PM
भाजपा कार्यकर्ता सम्मेलन, 5 सौ से अधिक ने थामा भाजपा का दामन

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
केशकाल,  29  मई।
रविवार को केशकाल विकासखंड क्षेत्र अंतर्गत बहीगांव में भाजपा का विधानसभा स्तरीय कार्यकर्ता सम्मेलन का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदेव साय, बस्तर प्रभारी शिवरतन शर्मा, सांसद मोहन मण्डावी, लता उसेंडी, दिनेश कश्यप, केदार कश्यप समेत बड़ी संख्या में भजपा के पदाधिकारी व कार्यकर्ता शामिल हुए थे। इस कार्यक्रम की खास बात यह रही कि केशकाल व बड़ेडोंगर मण्डल के कुल 880 लोगों ने भाजपा की रीति नीति और विचारधारा से प्रभावित होकर भाजपा सदस्य के रूप में प्रवेश किया है।

कार्यक्रम के दौरान भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदेव साय ने कहा कि केशकाल विधानसभा के बड़ेडोंगर और धनोरा में जन चौपाल लगाया था और आज वहीं से सैकड़ों कार्यकर्ता भाजपा में शामिल हो रहे हैं। कांग्रेस सरकार ने साढ़े तीन साल में कुछ नहीं किया है। अभी जिस भी जिले में जाते हैं, वहां के कार्यकर्ताओं को मिलने नहीं देते, पदाधिकारियों को मिलने नहीं देते। जब जनता के बीच में मिलने जाते हैं तो मुख्यमंत्री को भारी आक्रोश का सामना करना पड़ रहा है। कांग्रेस पार्टी से आक्रोशित होकर आज भाजपा में सैकड़ों कांग्रेस कार्यकर्ता शामिल हो रहे हैं।

भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता केदार कश्यप ने सीएम भूपेश बघेल के भेंट मुलाकात कार्यक्रम पर तंज कसते हुए कहा कि प्रदेश के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल बस्तर संभाग का दौरा कर विधानसभाओं में भेंट मुलाकात का कार्यक्रम कर रहे हैं, उसमें कांग्रेस के चिन्हित लोगों को ट्रेनिंग देकर बुलवाया जा रहा है और अपनी सरकार की वाहवाही लूटने में लगे हुए हैं और जो कोई व्यक्ति सरकार के विपक्ष में कोई सवाल करता है उससे बुरा बर्ताव भी कर रहे हैं। अगर उन्हें केवल कांग्रेस के लोगों से ही मिलना था तो इंडोर स्टेडियम में बैठक रख लेना था। वहीं भाजपा के कार्यकर्ताओं ने जब इसके खिलाफ आवाज उठाने का मन बनाया तो उन्हें पुलिस उठाकर ले जा रही है। अपने सरकार की परिस्थितियों को देख कर भूपेश बघेल डर गए हैं, इसलिए अब घूम-घूम कर नौटंकी कर रहे हैं। इसी का परिणाम है कि उनके जनचौपाल लगाने के अगले ही दिन बड़ेडोंगर व केशकाल मण्डल के 5 सौ से भी अधिक कार्यकताओं ने भाजपा परिवार में प्रवेश किया है।

इस दौरान बस्तर महाराजा कमलचंद भंजदेव, जिला प्रभारी प्रफुल्ल विश्वकर्मा, सेवकराम नेताम, दीपेश अरोरा, प्रवीर बदेशा, हेमकुंवर पटेल, मनोज जैन, तरूण साना, आकाश मेहता, रामेश्वर उसेंडी, झाडिराम सलाम, युवराज निषाद, सहदेव कोमेटी, रजिया खान, प्रशांत पात्र, विजय पोया, राज राठी, भूपेश चंद्राकर, समेत बड़ी संख्या में भाजपा के कार्यकर्तागण मौजूद रहे।


अन्य पोस्ट