कोण्डागांव
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
केशकाल, 22 दिसंबर। कैबिनेट मंत्री का दर्जा प्राप्त अपेक्स बैंक के प्रदेश अध्यक्ष बैजनाथ चंद्राकर एवं प्रबंध संचालक के.एन कांडे बुधवार को बस्तर संभाग के दौरे पर थे। इस दौरान उन्होंने केशकाल के धान खरीदी केंद्र का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने उपार्जन केन्द्र में धान की तौलाई कर वजन का निरीक्षण किया, साथ ही वहाँ उपस्थित किसानों से उपार्जन केन्द्र की व्यवस्था की जानकारी ली।
इस दौरान उन्होंने धान की क्वालिटी, स्टेकिंग तथा वर्तमान में उपलब्ध बारदानों की जानकारी ली। साथ ही साथ समिति प्रबंधक से व्यवस्थाओं के सम्बंध में चर्चा करते हुए धान बेचने आने वाले किसानों को किसी प्रकार की समस्या न हो यह सुनिश्चित करने हेतु निर्देश दिया। ततपश्चात उनका काफिला कोंडागांव की ओर रवाना हुआ।
इस दौरान उनके साथ मार्केटिंग सोसायटी के अध्यक्ष सग़ीर अहमद कुरैशी, जनपद पंचायत केशकाल के उपाध्यक्ष गिरधारी सिन्हा, विधायक प्रतिनिधि अरुण अग्निहोत्री, जनपद सदस्य रतिराम मरकाम, तहसीलदार आशुतोष शर्मा, केशकाल थाना प्रभारी राजेन्द्र मंडावी समेत अन्य अधिकारियों का दल मौजूद रहे।


