खैरागढ़-छुईखदान-गंडई

सोनपुरी-मड़ौदा में नवीन ग्राम पंचायत भवन का भूमिपूजन
13-Jun-2026 4:14 PM
सोनपुरी-मड़ौदा में नवीन ग्राम  पंचायत भवन का भूमिपूजन

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

खैरागढ़, 13 जून। खैरागढ़ ब्लॉक अंतर्गत आने वाले ग्राम पंचायत सोनपुरी एवं ग्राम पंचायत मड़ौदा में नवीन ग्राम पंचायत भवन निर्माण के लिए भूमिपूजन कार्यक्रम हर्षोल्लास के साथ सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में जिला पंचायत उपाध्यक्ष विक्रांत सिंह शामिल हुए। उनके आगमन पर ग्रामीणों ने पुष्पमाला एवं पारंपरिक स्वागत कर उनका अभिनंदन किया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विक्रांत सिंह ने कहा कि दोनों ग्राम पंचायतों में लंबे समय से जर्जर हो चुके भवनों के स्थान पर अब नवीन पंचायत भवन का निर्माण कराया जाएगा, जिससे ग्रामीणों को बेहतर सुविधाएं मिल सकेंगी। उन्होंने बताया कि छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय द्वारा दोनों पंचायतों के लिए 20-20 लाख रुपये की स्वीकृति प्रदान की गई है।

उन्होंने आगे कहा कि भारतीय जनता पार्टी की सरकार धरातल पर कार्य करने वाली सरकार है, जो गांवों के समग्र विकास के लिए प्रतिबद्ध है। केंद्र एवं राज्य सरकार द्वारा ग्राम पंचायतों को मूलभूत सुविधाओं के विकास के लिए लगातार राशि उपलब्ध कराई जा रही है, जिससे गांवों में आधारभूत ढांचे को मजबूत किया जा रहा है। स्वच्छता के लिए भी पंचायतों को विशेष अनुदान दिया जा रहा है, जिससे गांवों का वातावरण स्वच्छ और बेहतर बन रहा है।

श्री सिंह ने प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण का उल्लेख करते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ में भाजपा सरकार बनने के बाद रुके हुए लगभग 18 लाख ग्रामीण आवासों को मंजूरी दी गई। इससे गरीब परिवारों का पक्का मकान बनाने का सपना साकार हो रहा है। उन्होंने यह भी कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) का लाभ वास्तविक पात्र हितग्राहियों तक पहुंचना सुनिश्चित किया जा रहा है।

कार्यक्रम के दौरान उन्होंने महिलाओं से महतारी वंदन योजना की जानकारी भी ली। महिलाओं ने बताया कि इस योजना के तहत उन्हें हर महीने 1 हजार रुपये की आर्थिक सहायता मिल रही है, जिससे घरेलू जरूरतों को पूरा करने में काफी मदद मिल रही है। महिलाओं ने सरकार के प्रति आभार भी व्यक्त किया।

इस अवसर पर विकेश गुप्ता, जमुना कुर्रे, हरप्रसाद वर्मा, देवकुमार सेन, नरेश कुर्रे, जितेंद्र साहू, मुकेश वर्मा सहित बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।—


अन्य पोस्ट