खैरागढ़-छुईखदान-गंडई

खाद संकट पर भडक़े किसान, कलेक्टर से शिकायत
12-Jun-2026 9:22 PM
खाद संकट पर भडक़े किसान, कलेक्टर से शिकायत

अन्नदाता को खाद के लिए भटकना पड़े, यह दुर्भाग्यपूर्ण- विधायक

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

खैरागढ़, 12 जून। खरीफ सीजन की शुरुआत के साथ ही खैरागढ़ विकासखंड के कई गांवों में खाद संकट गहराने लगा है। यूरिया और डीएपी की कमी से परेशान किसानों ने मंगलवार को विधायक यशोदा नीलांबर वर्मा के नेतृत्व में कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर तत्काल खाद उपलब्ध कराने की मांग की।

 किसानों का कहना है कि बुवाई का समय शुरू हो चुका है, लेकिन सहकारी समितियों में खाद नहीं मिलने से खेती-किसानी के काम प्रभावित हो रहे हैं.किसानों ने ज्ञापन में बताया कि भोरमपुर सोसाइटी के अंतर्गत आने वाले भोरमपुर, जोरातराई, मदनपुर, चिगली और सिंधौरी तथा कुकुरमुड़ा सोसाइटी के अंतर्गत चांदैनि, डुंडा और कुकुरमुड़ा गांवों के किसानों को आवश्यक मात्रा में यूरिया और डीएपी उपलब्ध नहीं हो पा रही है। इससे खेतों की तैयारी और बुवाई कार्य बाधित हो रहे हैं। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि संबंधित सहकारी समितियों में तत्काल पर्याप्त मात्रा में खाद का भंडारण कराया जाए ताकि किसानों को समय पर उचित मूल्य पर खाद मिल सके और खरीफ फसल की तैयारियों में कोई व्यवधान न आए।

विधायक यशोदा नीलांबर वर्मा ने किसानों की समस्या को गंभीर बताते हुए कहा कि खरीफ सीजन के दौरान खाद की कमी किसी भी स्थिति में स्वीकार्य नहीं है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के किसानों ने उन्हें यूरिया और डीएपी की अनुपलब्धता से अवगत कराया है जिसके बाद कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा गया है। विधायक ने कहा किसान हमारे अन्नदाता हैं। खेती के सबसे महत्वपूर्ण समय में उन्हें खाद के लिए परेशान होना पड़े यह बेहद चिंता का विषय है। प्रशासन को तत्काल हस्तक्षेप कर भोरमपुर और कुकुरमुड़ा क्षेत्र की सहकारी समितियों में पर्याप्त मात्रा में खाद उपलब्ध करानी चाहिए ताकि किसानों की बुवाई प्रभावित न हो। खाद संकट को लेकर क्षेत्र के किसानों में चिंता का माहौल है। किसानों का कहना है कि यदि समय पर यूरिया और डीएपी उपलब्ध नहीं हुई तो खरीफ फसल प्रभावित हो सकती है।

 ज्ञापन सौंपने के दौरान ब्लाक कांग्रेस अध्यक्ष संदीप सिरमौर,संतोष वर्मा,हिमाचल राजपूत,गोलू पाल, डाकेश्वर वर्मा,दिनेश वर्मा, झूलपु वर्मा, खेमराज वर्मा, रामकिशुन वर्मा, मोतीलाल, कौशल, उपेंद्र वर्मा, मीना राम वर्मा, श्याम वर्मा, भारत वर्मा, पहलाद वर्मा, जगत वर्मा, गमलेश्वर वर्मा, पुरसोत्तम वर्मा, रामनाथ वर्मा, राजेश वर्मा, नरेश वर्मा, रामकुमार यादव सहित बड़ी संख्या में किसान उपस्थित रहे।


अन्य पोस्ट