खैरागढ़-छुईखदान-गंडई
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
खैरागढ़, 2 जून। सुशासन तिहार 2026 के अंतर्गत ब्लॉक के ग्राम पंचायत कुकुरमुड़ा में जनसमस्या निवारण शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में मुख्य अतिथि के रूप में जिला पंचायत उपाध्यक्ष विक्रांत सिंह प्रमुख रूप से उपस्थित रहे। उनके आगमन पर ग्रामीणों एवं जनप्रतिनिधियों ने उनका स्वागत किया।
कार्यक्रम स्थल पर पहुंचते ही विक्रांत सिंह ने विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टालों का निरीक्षण किया और अधिकारियों से योजनाओं की जानकारी ली। इस दौरान उन्होंने शिविर में पहुंचे ग्रामीणों से संवाद कर उनकी समस्याएं भी सुनीं। ग्रामीणों ने बताया कि शिविर के माध्यम से विभिन्न विभागों के अधिकारी गांव तक पहुंचे हैं और योजनाओं की जानकारी देकर समस्याओं का निराकरण कर रहे हैं, जिस पर श्री सिंह ने संतोष व्यक्त किया।
शिविर को संबोधित करते हुए विक्रांत सिंह ने कहा कि सुशासन तिहार शासन और जनता के बीच एक मजबूत सेतु का कार्य कर रहा है। उन्होंने कहा कि भीषण गर्मी के बावजूद अधिकारी गांव-गांव पहुंचकर लोगों की समस्याएं सुन रहे हैं और योजनाओं का लाभ दिलाने का प्रयास कर रहे हैं, जो सराहनीय है।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि शिविर में प्राप्त हर आवेदन की बारीकी से जांच की जाए और पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ समय पर मिले। उन्होंने यह भी कहा कि पंचायत प्रतिनिधियों एवं आम जनता की मांगों पर स्पष्ट और सही जानकारी देना अत्यंत आवश्यक है। किसी भी प्रकार की लापरवाही या शिकायत मिलने पर संबंधित विभाग के अधिकारी जिम्मेदार होंगे।
श्री सिंह ने आगे कहा कि शिविर में आने वाले प्रत्येक व्यक्ति के साथ शालीनता और सम्मानपूर्वक व्यवहार किया जाना चाहिए। सभी विभाग अपने-अपने योजनाओं की जानकारी सरल भाषा में दें, ताकि अधिक से अधिक लोगों को इसका लाभ मिल सके। उन्होंने कहा कि पात्र हितग्राहियों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना ही सुशासन तिहार की वास्तविक सफलता है।
शिविर के दौरान महिलाओं को प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत पक्के मकान की चाबी भी वितरित की गई, जिससे लाभान्वित महिलाएं भावुक हो उठीं और शासन के प्रति आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर कई हितग्राहियों को विभिन्न योजनाओं का लाभ भी प्रदान किया गया।
कार्यक्रम में प्रदेश भाजपा कार्यसमिति सदस्य घम्मन साहू, विकेश गुप्ता, जिला पंचायत सीईओ प्रेमकुमार पटेल, जमुना कुर्रे, देवकुमार सेन, हरप्रसाद वर्मा, दीक्षा गुप्ता, केशव चंदेल, पूर्णाचंद गुप्ता, गजेश वर्मा सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं ग्रामीणजन उपस्थित रहे।


