खैरागढ़-छुईखदान-गंडई
खैरागढ़, 2 जून। साल्हेवारा क्षेत्र के बूथ क्रमांक 132 कुम्हरवाड़ा में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मासिक रेडियो कार्यक्रम मन की बात का सामूहिक श्रवण किया गया। इस अवसर पर जिला पंचायत उपाध्यक्ष विक्रांत सिंह कार्यकर्ताओं के साथ उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री ने देशवासियों से विभिन्न सामाजिक विषयों, जनभागीदारी और विकास कार्यों में सहभागिता को लेकर अपने विचार साझा किए, जिसे कार्यकर्ताओं ने ध्यानपूर्वक सुना।
इसके बाद विक्रांत सिंह जामगांव पहुंचे, जहां उन्होंने लगभग 20 लाख की लागत से बनने वाले नवीन ग्राम पंचायत भवन का भूमिपूजन किया। इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। भूमिपूजन कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विक्रांत सिंह ने कहा कि क्षेत्र के विकास के लिए भारतीय जनता पार्टी की सरकार लगातार कार्य कर रही है और इसी कड़ी में पंचायत भवन निर्माण हेतु राशि स्वीकृत की गई है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ सरकार हर वर्ग के हितों का ध्यान रख रही है और ग्रामीण क्षेत्रों के विकास को प्राथमिकता दी जा रही है। उन्होंने आगे कहा कि नवगठित जिले के समग्र विकास के लिए राज्य सरकार द्वारा जिला अस्पताल भवन, कलेक्टर कार्यालय, नालंदा परिसर एवं जिला पंचायत भवन जैसी महत्वपूर्ण परियोजनाओं को स्वीकृति दी गई है, जिनका निर्माण कार्य भी प्रारंभ हो चुका है। इससे नवगठित जिले के विकास को नई दिशा मिलेगी।
पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार पर निशाना साधते हुए विक्रांत सिंह ने कहा कि कांग्रेस सरकार ने केवल नए जिले का गठन कर वाहवाही लूटी, लेकिन विकास कार्यों के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि पूर्व सरकार के दौरान नरवा, गरवा, घुरवा, बाड़ी योजना के नाम पर करोड़ों रुपये का घोटाला किया गया, जबकि भाजपा सरकार जमीनी स्तर पर विकास कार्य कर रही है।
कार्यक्रम के दौरान शत्रुहन साहू, ललित सोनी, मन्नू मरकाम, पारासर ठाकरे, महेंद्र यादव, मनोज अग्रवाल, नान्हे पटेल, संतोष यादव, खेमू पांचे, सतीष वर्मा, ओमलाल साहू, शकुन यादव, कारन चौरे, सुनिता साहू, तारा बाई यादव, चमन वर्मा बनस साहू , शिव यादव, संतोष ठाकुर,विष्णु ठाकरे, कमल मेरावी सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता एवं ग्रामीणजन उपस्थित रहे।


