खैरागढ़-छुईखदान-गंडई
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
खैरागढ़, 26 मई। ब्लॉक ग्राम पंचायत जालबांधा में जनसमस्या निवारण शिविर का आयोजन किया गया। इस शिविर में जिला पंचायत उपाध्यक्ष विक्रांत सिंह मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। कार्यक्रम की अध्यक्षता पूर्व जिला भाजपा अध्यक्ष घम्मन साहू ने की, जबकि विशिष्ट अतिथि के रूप में जिला पंचायत सदस्य दिनेश वर्मा उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में पहुंचते ही विक्रांत सिंह ने विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का निरीक्षण किया। उन्होंने मौके पर ही विभागीय अधिकारियों से योजनाओं की जानकारी ली और निर्देशित किया कि प्रत्येक आवेदन की गंभीरता से जांच कर समय पर निराकरण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
विक्रांत सिंह ने कहा कि तपती धूप के बावजूद प्रशासन का गांव-गांव पहुंचकर लोगों की समस्याएं सुनना और उनका समाधान करना मुख्यमंत्री की दूरदर्शी सोच का परिणाम है। सुशासन तिहार के माध्यम से शासन की योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का सार्थक प्रयास किया जा रहा है, जिससे ग्रामीणों को सीधा लाभ मिल रहा है। शिविर के दौरान महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा सुपोषण किट का वितरण किया गया। इसके अलावा विभिन्न विभागों की ओर से पात्र हितग्राहियों को सामग्री एवं लाभ वितरण भी अतिथियों के हाथों कराया गया, जिससे ग्रामीणों में उत्साह का माहौल देखने को मिला। इस दौरान विक्रांत सिंह ने शिविर में उपस्थित महिलाओं एवं आमजनों की समस्याएं भी गंभीरता से सुनीं और संबंधित अधिकारियों को तत्काल आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश दिए। उन्होंने भरोसा दिलाया कि हर समस्या का प्राथमिकता के आधार पर समाधान किया जाएगा। कार्यक्रम में जिला पंचायत सीईओ प्रेमकुमार पटेल, अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) तंकेश्वर प्रसाद साहू,प्रदेश कार्य समिति सदस्य घम्मन साहू जी, जिला पंचायत सभापति दिनेश वर्मा जी जनपद पंचायत सदस्य शैलेन्द्र मिश्रा, सरपंच संघ अध्यक्ष दिलेश्वर यदु सहित सरपंच संतोषी वर्मा, मुकेश वर्मा, चंद्रकांत जायसवाल, राजेन्द्र वर्मा, डॉ. चंदू वर्मा,गोरे लाल वर्मा दुलार कोसरे, जयप्रकाश साहू दुलेश्वर साहू आशीष राजपूत एवं बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।


