खैरागढ़-छुईखदान-गंडई
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
खैरागढ़, 22 मई। खैरागढ़-छुईखदान-गंडई के कलेक्टर गोपाल वर्मा ने जिला कार्यालय में दिव्यांग छात्रा को व्हीलचेयर प्रदान किया। पेंड्री कला निवासी दिव्यांग छात्रा के परिजन कलेक्टर के पास आवेदन लेकर पहुंचे। कलेक्टर ने मांग पर त्वरित कार्रवाई करते हुए, 15 मिनट के अंदर दिव्यांग को व्हीलचेयर प्रदान किया।
कलेक्टर गोपाल वर्मा ने समाज कल्याण विभाग के अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि सभी पात्र दिव्यांगजनों को शासन की योजनाओं का त्वरित लाभ दिलाएं। उन्होंने आगे कहा कि दिव्यांगजनों के द्वारा अथवा उनके परिजन के द्वारा किसी भी सहायक उपकरण की मांग करने पर विकलांगता के प्रतिशत के अनुसार यथासंभव तत्काल उपलब्ध कराई जाए। दिव्यांग नीमा साहू के पिता तुलाराम साहू कलेक्टर के पास सहायक उपकरण की मांग का आवेदन लेकर पहुंचे थे। इस पर कलेक्टर ने तत्काल कार्रवाई करते हुए, व्हीलचेयर प्रदान किया। इस दौरान समाज कल्याण विभाग के उपसंचालक गणेश राम, दिव्यांग के पिता और चाचा सहित अन्य परिजन उपस्थित थे।
केसीजी कलेक्टर गोपाल वर्मा के पास खैरागढ़ के पेंड्री कला निवासी 13 वर्षीय दिव्यांग नीमा साहू की शारीरिक अक्षमता की समस्या को लेकर उसके परिजन कलेक्टर से मिले। समाज कल्याण विभाग के गणेश राम ने बताया कि दिव्यांग नीमा साहू, 90 प्रतिशत शरीरिक विकलांगता से ग्रसित है। इसलिए नीमा के लिए व्हीलर चेयर उपयुक्त सहायक उपकरण है। नीमा के पिता तुलाराम साहू ने जानकारी दी कि नीमा कक्षा 5वीं में पढ़ती है, परन्तु चलने फिरने में अक्षम होने के करण परिवार के सदस्यों पर आश्रित है। वह जन्म से ही दोनों पैर और एक हाथ से लाचार है। इसलिए स्कूल और कहीं भी आने-जाने में परेशानी होती थी। बेटी को 15 मिनट में ही व्हीलचेयर मिलने पर केसीजी कलेक्टर का आभार व्यक्त करते हुए पिता तुलाराम ने कहा कि कलेक्टर साहब की मदद से अब मेरी बेटी रोज स्कूल जा सकेगी।


