खैरागढ़-छुईखदान-गंडई

अंतरराष्ट्रीय स्तर का होगा खैरागढ़ महोत्सव-लवली शर्मा
15-Nov-2025 9:41 PM
अंतरराष्ट्रीय स्तर का होगा खैरागढ़ महोत्सव-लवली शर्मा

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

खैरागढ़, 15 नवंबर। एक लंबे अंतराल के बाद इंदिरा कला संगीत विश्वविद्यालय खैरागढ़ में 19 से 21 नवंबर तक तीन दिवसीय खैरागढ़ महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है जिसमें अंतरराष्ट्रीय स्तर के कलाकार शिरकत करेंगे।

 शुक्रवार को विश्वविद्यालय के कैंपस 2 के मीटिंग हॉल में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में पत्रकारों से चर्चा करते हुए विश्वविद्यालय की कुलपति प्रोफेसर डॉ. लवली शर्मा ने कहा की इस बार खैरागढ़ महोत्सव कुछ हटकर होगा। इस बार महोत्सव में अंतरराष्ट्रीय स्तर के ख्यातिलब्ध कलाकार अपनी अपनी कला का प्रदर्शन करेंगे, जिससे यह महोत्सव अंतरराष्ट्रीय स्तर का होने के कारण विश्व में इसकी पहचान बढ़ेगी।

डॉ. शर्मा ने आगे कहा कि संगीत और कल का विश्वविद्यालय होने के कारण क्लासिकल के साथ-साथ छत्तीसगढ़ राज्य के निवासियों के रुचि को ध्यान में रखते हुए प्रतिदिन छत्तीसगढ़ी लोककला का कार्यक्रम भी आयोजित होगा जिसमें नगर के साथ-साथ ग्रामीण जन भी आमंत्रित हैं।

 गौरतलब हो कि इस विश्वविद्यालय  में ग्रामीण क्षेत्र के विद्यार्थियों की संख्या अधिक है।  पत्रकारों को जानकारी देते हुए कुलपति डॉ. शर्मा ने आगे कहा कि इस महोत्सव में प्रोफेसर बेंजामिन बोन अमेरिका एवं आचार्य लवली शर्मा का प्रतिध्वनि पूरब से पश्चिम तक संगीतिक आयोजन होगा, साथ ही पं. गौरी शंकर कर्मकार अमेरिका का तबला वादन, विदुषी आस्था गोस्वामी वृंदावन का मन वृंदावन उप शास्त्रीय गायन, जितेंद्र कुमार साहू एवं समूह बालोद छत्तीसगढ़ का सोनहा बादर मंच का छत्तीसगढ़ी सांस्कृतिक कार्यक्रम होगा।

 इसके पूर्व 19 नवंबर को ही विश्वविद्यालय के लोक संगीत एवं कला संकाय के विद्यार्थियों की प्रस्तुति होगी।

20 नवंबर गुरुवार को पंडित हरीश तिवारी दिल्ली का शास्त्रीय गायन, पद्म भूषण पं. बुद्ध आदित्य मुखर्जी कोलकाता का सितार वादन, व्योमेश शुक्ला एवं समूह का राम की शक्ति पूजा शीर्षक से कार्यक्रम, डॉक्टर पीसी लाल यादव एवं समूह गंडई का लोक सांस्कृतिक कार्यक्रम दूध मोगरा आयोजित है इसके पूर्व प्रथम प्रस्तुति के रूप में संगीत संकाय के विद्यार्थियों की प्रस्तुति होगी।

21 नवंबर शुक्रवार को उस्ताद सिराज अली खान कोलकाता का सरो वादन, पंडित संजू सहाय लंदन का तबला वादन, विदुषी शमा भाटे एवं समूह पुणे का कथक नृत्य तथा कविता वासनिक एवं समूह अनुराग धारा का छत्तीसगढ़ी सांस्कृतिक कार्यक्रम होगा। कुलपति लवली शर्मा ने कहा की इस बार खैरागढ़ महोत्सव सांस्कृतिक धरोहर शास्त्रीय संगीत और नृत्य के लिए एक शुभ अवसर साबित होगा। इस महोत्सव के माध्यम से देश और दुनिया के लोग छत्तीसगढ़ की कला संस्कृति और संगीत से अवगत हो सकेंगे। आपने कहा कि यह आयोजन मुख्य रूप से क्षेत्र वासियों कलारसिकों एवं विद्यार्थियों को सीखने के लिए महत्वपूर्ण होगा।


अन्य पोस्ट