खैरागढ़-छुईखदान-गंडई
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
खैरागढ़, 12 नवंबर। जिला भाजपा कार्यालय में सोमवार को मतदाता सूची विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर 2025) को लेकर खैरागढ़ शहर मण्डल की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में केसीजी जिला पंचायत उपाध्यक्ष विक्रांत सिंह प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।
बैठक को संबोधित करते हुए विक्रांत सिंह ने कहा कि मतदाता सूची का विशेष पुनरीक्षण अभियान लोकतंत्र की जड़ों को मजबूत करने के लिए आवश्यक है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से इस प्रक्रिया में सक्रिय भूमिका निभाने का आग्रह किया, ताकि कोई भी पात्र मतदाता छूट न जाए और फर्जी नाम सूची में शामिल न रहें।
विक्रांत ने बताया कि यह अभियान निर्वाचन आयोग के निर्देशों के अनुसार चलाया जा रहा है। इसके तहत, जो नागरिक इस तिथि तक 18 वर्ष की आयु पूरी कर चुके हैं, वे अपना नाम मतदाता सूची में जुड़वा सकते हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे अपने-अपने बूथों पर जाकर फॉर्म-6 के माध्यम से नए मतदाताओं के नाम जोड़े और फॉर्म-7 का उपयोग करके मृत या स्थानांतरित मतदाताओं के नाम हटवाएं।
श्री सिंह ने जोर दिया कि भाजपा कार्यकर्ताओं की पहचान उनकी संगठनात्मक सक्रियता और जनसेवा से होती है। उन्होंने कहा कि हमें यह सुनिश्चित करना है कि जिले की मतदाता सूची पूरी तरह से शुद्ध, पारदर्शी और निष्पक्ष हो। इस दौरान जिला भाजपा महामंत्री शशांक ताम्रकार, नगर पालिका अध्यक्ष गिरजा चंद्राकर, दिनेश वर्मा, लखन साहू, विनय देवांगन, नीलिमा गोस्वामी, संजय शर्मा, कीर्ति वर्मा, डोरेलाल साहू, ऋषभ सिंह, बूथ संयोजक और पार्टी पदाधिकारी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।


