खैरागढ़-छुईखदान-गंडई
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
खैरागढ़, 11 नवंबर। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के शताब्दी वर्ष के अवसर पर खैरागढ़ में एक संगोष्ठी का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम सरस्वती उच्चतर माध्यमिक विद्यालय परिसर में संपन्न हुआ।
संगोष्ठी में सामाजिक कार्यकर्ता महावीर जैन, नगर संघचालक मोतीलाल यादव, खंड संघचालक देवकरण वर्मा, खंड व्यवस्था प्रमुख मनोज गीडिय़ा एवं स्वयंसेवक बंधु उपस्थित रहे। कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के रूप में राजनांदगांव विभाग के विभाग प्रचारक जितेंद्र शर्मा ने संबोधित किया।
कार्यक्रम की शुरुआत भारत माता के चित्र पर माल्यार्पण और दीप प्रज्वलन के साथ हुई। मुख्य वक्ता जितेंद्र शर्मा ने अपने संबोधन में संघ की स्थापना, उसके विकास और वर्तमान गतिविधियों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि संघ अपने शताब्दी वर्ष में समाज के बीच ‘पंच परिवर्तन’ के विषय को लेकर कार्य कर रहा है।
उन्होंने बताया कि पंच परिवर्तन में पर्यावरण संरक्षण (पानी, पौधा, प्लास्टिक), परिवार सशक्तिकरण, सामाजिक सौहार्द्र, आत्मनिर्भरता और नागरिक दायित्व जैसे विषय शामिल हैं। शर्मा ने कहा कि संघ नागरिकों में सामाजिक जिम्मेदारी और कर्तव्य बोध को जागरूक करने के लिए विभिन्न अभियानों के माध्यम से कार्य कर रहा है।
संगोष्ठी में बताया गया कि शताब्दी वर्ष के अंतर्गत ‘गृह संपर्क अभियान’ की भी शुरुआत की गई है। इस अभियान के तहत स्वयंसेवक जिले के प्रत्येक घर तक जाकर सूचना और साहित्य वितरित करेंगे, ताकि पंच परिवर्तन के संदेश को अधिकाधिक लोगों तक पहुंचाया जा सके।
कार्यक्रम के अंत में नगर कार्यवाह प्रदीप सिंह ने उपस्थित जनों का आभार व्यक्त किया।


