कवर्धा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कवर्धा, 17 नवंबर। खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 के अंतर्गत प्रदेश सहित कबीरधाम जिले में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी का रविवार से शुभारंभ हो गया है। धान खरीदी के पहले दिन जिले के उपार्जन केंद्रों में किसानों की सुविधा एवं खरीदी व्यवस्था का जायजा लेने के लिए जिला प्रशासन के अधिकारियों द्वारा लगातार निरीक्षण किया जा रहा है। इसी क्रम में अपर कलेक्टर आरपी आचला ने मैनपुरी एवं बम्हनी धान उपार्जन केंद्रों का निरीक्षण कर धान खरीदी की व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान अपर कलेक्टर श्री आचला ने उपार्जन केंद्रों में धान खरीदी से संबंधित आवश्यक व्यवस्थाओं का अवलोकन किया तथा समिति प्रबंधकों से खरीदी प्रक्रिया की जानकारी ली।
उन्होंने निर्देशित किया कि किसानों को धान विक्रय के दौरान किसी भी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए। इसके लिए केंद्रों में सभी आवश्यक सुविधाएं समय पर सुनिश्चित की जाएं। उन्होंने धान की तौलाई, नमी परीक्षण सहित खरीदी प्रक्रिया से जुड़ी व्यवस्थाओं को व्यवस्थित एवं पारदर्शी तरीके से संचालित करने के निर्देश दिए।
अपर कलेक्टर ने कहा कि धान खरीदी शासन की महत्वपूर्ण प्राथमिकता है। किसानों की सुविधा एवं उनकी उपज का उचित मूल्य सुनिश्चित करना जिला प्रशासन की जिम्मेदारी है।
सभी समिति प्रबंधक एवं संबंधित कर्मचारी पूरी गंभीरता और जिम्मेदारी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें। उन्होंने खरीदी केंद्रों में पेयजल, छाया एवं अन्य मूलभूत सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने तथा किसानों की समस्याओं का निराकरण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शासन द्वारा निर्धारित दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए पूरी पारदर्शिता एवं सुचारु व्यवस्था के साथ धान खरीदी सुनिश्चित की जाए, ताकि किसानों को अपनी उपज बेचने में किसी तरह की असुविधा का सामना न करना पड़े।