कवर्धा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बोड़ला, 19 नवंबर। वनांचल क्षेत्र में पिछले एक सप्ताह से कड़ाके की ठंड पड़ रही है। तापमान में अचानक गिरावट के साथ अब ओस की बूंदें भी जमने लगी हैं। खलिहानों में सुबह ओस की बूंदों पर बर्फ की पतली सफेद परत दिखाई देने लगी है। साल के घने जंगलों के बीच मध्यरात्रि से ही ओस गिरने का सिलसिला शुरू हो जाता है। सुबह होते-होते खेतों, खलिहानों और खुले स्थानों पर ठंड का असर साफ नजर आने लगता है। दिन में चलने वाली सर्द हवाओं ने भी लोगों की परेशानी बढ़ा दी है।
वनांचल में नवंबर महीने से ही ठंड का असर शुरू हो जाता है, जो मकर संक्रांति यानी 14 जनवरी तक लगातार बना रहता है। दिसंबर महीने में ठंड अपने चरम पर पहुंच जाती है। सुबह देर तक ठिठुरन रहने के कारण ग्रामीण अब 9 बजे के बाद ही अपनी दिनचर्या शुरू कर रहे हैं। गांवों में घरों के बाहर अलाव जलने लगे हैं। ठंड से बचने के लिए अलाव ही ग्रामीणों का सबसे बड़ा सहारा बना हुआ है। गर्म कपड़ों की मांग भी बढ़ गई है। लोग दिनभर स्वेटर, जैकेट, मफलर और गर्म कपड़ों में नजर आ रहे हैं।
सर्दियों के मौसम में चिल्फी घाटी और आसपास का वनांचल क्षेत्र प्राकृतिक सुंदरता के कारण पर्यटकों को आकर्षित करता है। घने साल के जंगल, पहाडिय़ों पर छाई धुंध, ठंडी हवाएं और सुबह-शाम का सुहाना नजारा इस क्षेत्र को अलग पहचान देता है।
यही वजह है कि चिल्फी घाटी को छत्तीसगढ़ का मिनी कश्मीर भी कहा जाता है। सर्दियों में यहां प्रकृति के बीच समय बिताने के लिए पर्यटक पहुंच सकते हैं।
यहां प्रकृति प्रेमियों के लिए नेचर वॉक, ट्रैकिंग और कैंपिंग जैसे रोमांचक अनुभवों की संभावनाएं हैं। सूर्योदय और सूर्यास्त के मनमोहक नजारे देखने के लिए पिड़ाघाट और सरोधादादर वॉच टावर आकर्षण का केंद्र हैं। पहाडिय़ों से उगते और ढलते सूरज का दृश्य पर्यटकों को प्रकृति के करीब होने का एहसास कराता है।
बैगा संस्कृति और वन्यजीवों का भी ले सकते हैं अनुभव
प्राकृतिक सुंदरता के साथ यह क्षेत्र आदिवासी संस्कृति और विरासत के लिहाज से भी खास है। बैगा जनजाति की पारंपरिक जीवनशैली, रहन-सहन, खानपान और सांस्कृतिक विरासत को करीब से जानने के लिए पर्यटक बेंदा सहित आसपास के गांवों का भ्रमण कर सकते हैं। वहीं बेंदा से लगे कान्हा राष्ट्रीय उद्यान के सीमावर्ती जंगलों में वन्यजीवों को देखने और प्रकृति को नजदीक से समझने का अवसर मिलता है।
कुल मिलाकर सर्दियों का मौसम चिल्फी घाटी के लिए दोहरी पहचान लेकर आता है। एक ओर ग्रामीण कड़ाके की ठंड और शीतलहर से बचने के लिए अलाव का सहारा ले रहे हैं, तो दूसरी ओर यही ठंड पहाडिय़ों, जंगलों और प्राकृतिक नजारों को पर्यटन के लिहाज से खास बना रही है। जरूरत है कि क्षेत्र की प्राकृतिक संपदा, बैगा संस्कृति और पर्यटन स्थलों को बेहतर पहचान देकर सुविधाओं का विकास किया जाए, ताकि वनांचल की खूबसूरती पर्यटन के नक्शे पर और मजबूती से उभर सके।