कवर्धा

मवेशी कारोबरियों को बंधक बना मारपीट-लूट, फिरौती वसूली, 4 बंदी
10-Nov-2026 6:29 PM
 मवेशी कारोबरियों को बंधक बना मारपीट-लूट, फिरौती वसूली, 4 बंदी

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

कवर्धा, 10 नवंबर। कबीरधाम जिले के थाना भोरमदेव क्षेत्र के अंतर्गत मवेशी व्यापारियों को बंधक बनाकर मारपीट करने, नकदी व मोबाइल लूटने तथा बैंक खाते में फिरौती की रकम ट्रांसफर कराने के मामले में पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपियों के कब्जे से नगदी, मोबाइल और मोटरसाइकिल सहित कुल 1,42,000 रुपये की संपत्ति जब्त की गई है।

पुलिस को दी गई रिपोर्ट के अनुसार, 2 नवंबर को ग्राम रौचन निवासी प्रार्थी कुलेश्वर विश्वकर्मा अपने साथियों गुनु धुर्वे और शिव प्रसाद के साथ 9 नग मवेशी बिक्री के लिए ग्राम सारसडोल (मध्य प्रदेश) ले जा रहे थे।

 रात लगभग 9 बजे चढ़चौड़ा जंगल के पास ग्राम केसदा निवासी कामू बैगा और उसके साथियों पर व्यापारियों के साथ मारपीट करने, जान से मारने की धमकी देने तथा प्रार्थी व उसके साथियों से नगदी एवं मोबाइल फोन लूटने का आरोप है।

 आरोप है कि इसके बाद आरोपियों ने व्यापारियों को ग्राम केसदा की ओर ले जाकर 5 लाख रुपये की फिरौती की मांग की और बैंक खाते में 90 हजार रुपये ट्रांसफर कराए, जिसके बाद उन्हें छोड़ा गया।

 प्रार्थी की शिकायत पर 8 नवंबर को थाना भोरमदेव में बीएनएस की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया। पुलिस ने प्रकरण में संलिप्तता पाए जाने पर 9 नवंबर को चार आरोपियों कामू बैगा, चंदन सिंह धुर्वे, महेश धुर्वे और सुरेश धुर्वे (सभी निवासी ग्राम केसदा, थाना भोरमदेव) को गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया।

 आरोपियों के कब्जे से कुल 25,000 रुपये नगद, 3 मोबाइल फोन, 2 मोटरसाइकिल तथा बैंक ट्रांजेक्शन से संबंधित साक्ष्य जब्त किए गए हैं।


अन्य पोस्ट