कवर्धा

लाखों की सराफा डकैती, 7 बंदी
06-Nov-2026 7:05 PM
लाखों की सराफा डकैती, 7 बंदी

जमशेदपुर तक जुड़े तार

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

कवर्धा, 6 नवंबर। कबीरधाम पुलिस ने तरेगाँव जंगल क्षेत्र में हुई डकैती की बड़ी वारदात का खुलासा करते हुए झारखंड के जमशेदपुर तक दबिश दी है। इस मामले में पुलिस ने लूटे गए चांदी के जेवर खरीदने और बेचने वाले दो अन्य आरोपियों सहित कुल 7 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लगभग 13 किलोग्राम चांदी (आभूषण एवं गली हुई चांदी), नगदी और वाहन बरामद किए हैं।

पुलिस के अनुसार  27 अक्टूबर को थाना तरेगाँव जंगल क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम दुर्जनपुर मछरीरेवार मंदिर घाटी के पास सराफा व्यवसायी वेदप्रकाश सोनी का रास्ता रोककर मारपीट की गई थी। आरोपी उनके पास से नए-पुराने चांदी के आभूषण, लगभग 15 ग्राम सोना और नगदी लूटकर फरार हो गए थे।

प्रार्थी की शिकायत पर थाना तरेगाँव जंगल में बीएनएस की विभिन्न धाराओं (धारा 309(6), 126(2), 115(2), 3(5), 310(2), 310(4) और 317(2)) के तहत मामला दर्ज किया गया।

पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और 100 से अधिक सीसीटीवी फुटेज के आधार पर 31 अक्टूबर को तीन आरोपियों निखिल कुर्रे, संजय भास्कर और सचिन पात्रे को गिरफ्तार किया। इनकी निशानदेही पर लगभग 11.9 किलोग्राम चांदी के आभूषण, एक पल्सर मोटरसाइकिल और 1,500 रुपये नकद बरामद किए गए।

फरार चल रहे दो आरोपियों अरुण उर्फ अन्नू बंजारे और प्रेम उर्फ प्रीतम उर्फ ब्रो घृतलहरे को बिलासपुर से गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में इन्होंने जेवर बेचने की बात स्वीकार की, जिसके बाद उनके पास से कुल 84,000 रुपये नकद बरामद किए गए।

आरोपी प्रेम उर्फ प्रीतम की निशानदेही पर कबीरधाम पुलिस झारखंड के जमशेदपुर पहुँची। वहाँ से सुमंतो घोड़ाई उर्फ कोबो और सुरेश नाना माने को हिरासत में लिया गया।

गली हुई चांदी की बरामदगी

आरोपियों ने स्वीकार किया कि उन्होंने लूटे गए चांदी के जेवरों (करधन व पायल) को गलाकर 1.124 किलोग्राम चांदी तैयार की थी, जिसे सुरेश नाना माने के पास बेचा गया था। पुलिस ने सुरेश नाना माने की निशानदेही पर लगभग 1,14,000 रुपये कीमत की 1.124 किलोग्राम गली हुई चांदी जब्त कर ली है। दोनों आरोपियों को जमशेदपुर न्यायालय से ट्रांजिट रिमांड पर कबीरधाम लाया गया और न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया। पुलिस इस मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई कर रही है।


अन्य पोस्ट