कवर्धा

लूट और सरकारी काम में बाधा, 2 बंदी
04-Nov-2026 5:43 PM
लूट और सरकारी काम में बाधा, 2 बंदी

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

कवर्धा, 4 नवंबर। कबीरधाम पुलिस ने लूट और शासकीय कार्य में बाधा पहुंचाने के दो अलग-अलग मामलों में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया है, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।

प्रार्थी गोपाल साहू  सिवनीकला ने 31 अक्टूबर को थाना सिटी कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई कि सरोधा बांध के पास आरोपी ओमकार सिंद्राम ने अपने साथियों के साथ मिलकर पुलिस में रिपोर्ट करने की धमकी दी और नगद 5,000 रुपये तथा फोन-पे के माध्यम से 5,000 रुपये (कुल 10,000 रुपये) जबरन ले लिए।

पुलिस ने बीएनएस की धारा 309(4) और 3(5) के तहत मामला दर्ज कर दो आरोपियों ओमकार सिंद्राम  और यशवंत कुमार पटेल को हिरासत में लिया। आरोपियों के कब्जे से 1,300 रुपये नकद और घटना में प्रयुक्त मारुति सुजुकी वेगनआर कार (क्रमांक ष्टत्र-09-छ्वस्-4194, मूल्य लगभग 3 लाख रुपये) जब्त की गई है। मुख्य आरोपी ओमकार सिंद्राम के खिलाफ पूर्व में भी मारपीट और धमकी के कई आपराधिक मामले दर्ज हैं।

जल संसाधन विभाग कार्यालय कवर्धा में पदस्थ चौकीदार रोहित कुमार श्रीवास की शिकायत पर आरोपी ओमकार सिंद्राम के खिलाफ दूसरा मामला दर्ज किया गया है। शिकायत के अनुसार, 15 अक्टूबर को कार्यालय में बैठक के दौरान आरोपी ने अंदर पहुंचकर नोटिस दिए जाने को लेकर हंगामा किया, अश्लील गाली-गलौज की और जान से मारने की धमकी देकर शासकीय कार्य में बाधा पहुंचाई। इस प्रकरण में भी आरोपी ओमकार सिंद्राम को गिरफ्तार कर लिया गया है।


अन्य पोस्ट