कवर्धा

33 टन स्क्रैप हेराफेरी, चौथा आरोपी बंदी
02-Nov-2026 7:51 PM
33 टन स्क्रैप हेराफेरी, चौथा आरोपी बंदी

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

कवर्धा, 2 नवंबर। ट्रक से 33.290 मीट्रिक टन स्टील स्क्रैप की हेराफेरी के मामले में लंबे समय से फरार चौथे आरोपी को कबीरधाम पुलिस ने उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद से गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस के अनुसार 30 अगस्त 2022 को हरियाणा के रोहतक से 33.290 मीट्रिक टन स्टील स्क्रैप लोड कर एक ट्रक क्रमांक आरजे-05-जीबी-5730 टाटा स्टील, कलिंगनगर (ओडिशा) के लिए रवाना हुआ था। गंतव्य पर ट्रक न पहुंचने पर पतासाजी करने पर वह चिल्फी घाटी में दुर्घटनाग्रस्त अवस्था में मिला, जिसमें केवल 8 मीट्रिक टन स्क्रैप ही मौजूद था। शेष माल की हेराफेरी के संबंध में कंपनी के प्रतिनिधि ने थाना चिल्फी में रिपोर्ट दर्ज कराई थी।

पूर्व में हो चुकी है तीन आरोपियों की गिरफ्तारी

इस प्रकरण में पुलिस पूर्व में हिमांशु राजपूत, धर्मेंद्र कुमार और पवन राजपूत को गिरफ्तार कर चुकी है। विवेचना के आधार पर चौथे आरोपी रमाकांत उर्फ मोनू पाण्डेय (निवासी साहिबाबाद, गाजियाबाद) की संलिप्तता सामने आई थी, जो घटना के बाद से फरार चल रहा था।

चिल्फी थाना प्रभारी बीरेन्द्र कुमार वर्मा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर गाजियाबाद के साहिबाबाद क्षेत्र से आरोपी को गिरफ्तार किया। ट्रांजिट रिमांड पर कबीरधाम लाने के बाद आरोपी को न्यायालय में प्रस्तुत कर दिया गया है। मामले में शेष माल की बरामदगी के लिए विवेचना जारी है।


अन्य पोस्ट