कवर्धा

बैगा बच्चों की मौत, बैज ने भाजपा सरकार पर साधा निशाना
28-Oct-2026 6:46 PM
बैगा बच्चों की मौत, बैज ने भाजपा सरकार पर साधा निशाना

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

बोड़ला/कवर्धा, 28 अक्टूबर। कबीरधाम जिले के बैगा बहुल ग्राम नंदनी-कुमान में बच्चों की मौत के मामले को लेकर कांग्रेस की सक्रियता लगातार बढ़ रही है। मंगलवार को प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष दीपक बैज, आदिवासी कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. विक्रांत भूरिया एवं प्रदेश आदिवासी कांग्रेस अध्यक्ष व बिंद्रानवागढ़ विधायक जनक राम ध्रुव ने एनआरसी केंद्र पहुंचकर कुपोषित बच्चों से मुलाकात की। नेताओं ने बच्चों को अपने हाथों से खाना खिलाया और डॉक्टरों से उपचार एवं व्यवस्थाओं की जानकारी ली। इसके बाद प्रतिनिधिमंडल ने नंदनी-कुमान गांव पहुंचकर हालात का जायजा लिया।

दीपक बैज ने बैगा बच्चों की मौत को गंभीर मामला बताते हुए भाजपा सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि विशेष रूप से कमजोर जनजातीय समूह (पीवीटीजी) से जुड़े बच्चों की मौत के मामले में सरकार को जवाबदेही तय करनी चाहिए। उन्होंने प्रभावित परिवारों तक जनप्रतिनिधियों के नहीं पहुंचने पर भी सवाल उठाए।

कार्यकर्ताओं से भी की मुलाकात

दौरे के बाद रेस्ट हाउस में कांग्रेस नेताओं ने कार्यकर्ताओं से मुलाकात की। इस दौरान जिला कांग्रेस अध्यक्ष नवीन जायसवाल, ब्लॉक अध्यक्ष छवि वर्मा, महिला कांग्रेस जिला अध्यक्ष सीमा अगम अनंत, आनंद सिंह ठाकुर, वाल्मीकि वर्मा, बंटी खान, दीपक माग्रे, रामचरण साहू, सावित्री साहू, मंडल अध्यक्ष राजेंद्र साहू, खोरबहरा साहू, सुधांशु बघेल, अगम दास, तुलसी पटेल, मनमोहन अवस्थी, मुखीराम ध्रुव, शिवप्रसाद वर्मा, गोरे चंद्रवंशी, राजेंद्र सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।


अन्य पोस्ट