कवर्धा

पोलमी घाट में चाकू दिखा लूट, 2 नाबालिग समेत 3 पकड़ाए
18-Oct-2026 7:43 PM
पोलमी घाट में चाकू दिखा लूट, 2 नाबालिग समेत 3 पकड़ाए

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

कवर्धा, 18 अक्टूबर। कबीरधाम जिले के थाना कुकदूर क्षेत्रांतर्गत पोलमी घाट में रास्ता रोककर चाकू दिखाने, मारपीट करने और नकदी लूटने के मामले में पुलिस ने  एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। इस प्रकरण में दो विधि से संघर्षरत बालकों के विरुद्ध भी नियमानुसार कार्रवाई की गई है। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त चाकू, लूट की रकम और मोटरसाइकिल जब्त कर ली है।

पुलिस अधीक्षक कबीरधाम जितेन्द्र कुमार यादव के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हेमसागर सिदार एवं अमित कुमार पटेल के मार्गदर्शन, एसडीओपी पंडरिया भूपत सिंह के पर्यवेक्षण तथा थाना प्रभारी कुकदूर निरीक्षक संतोष मिश्रा के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई है। आरोपी के विरुद्ध थाना कुकदूर में कई धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।

पुलिस के अनुसार प्रार्थी हरिश धुर्वे, निवासी ग्राम लुडुटोला-दमगढ़ ने 15 अक्टूबर को थाना कुकदूर में रिपोर्ट दर्ज कराई कि 14 अक्टूबर को वह अपने साथी के साथ ग्राम तिरछुला जा रहा था। पोलमी घाट स्थित अरझोली नाला के समीप कुछ व्यक्तियों ने मोटरसाइकिल से रास्ता रोक लिया। आरोप है कि आरोपियों ने चाकू दिखाकर गाली-गलौज और मारपीट की तथा जबरन 100 रुपये लूट लिए। साथ ही, घटना की जानकारी किसी को देने पर जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गए।

शिकायत के आधार पर थाना कुकदूर में अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू की गई। पुलिस ने आरोपी राघवेन्द्र उर्फ निखिल सोनी को 15 अक्टूबर को गिरफ्तार किया तथा दो विधि से संघर्षरत बालकों को अभिरक्षा में लिया।

आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने एक लंबा चाकू, लूट की रकम (100 रुपये), घटना में प्रयुक्त बिना नंबर की डीलक्स मोटरसाइकिल जब्त की हैं। गिरफ्तार आरोपी को न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया है, तथा प्रकरण में आगे की विवेचना जारी है।


अन्य पोस्ट